फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: मेयर चुनाव में जीत को भुनाएगी आप-कांग्रेस, पद ग्रहण समारोह में केजरीवाल-राहुल गांधी को बुलाने की तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। सुप्रीम कोर्ट के आदेश से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के मेयर बने कुलदीप कुमार ने बुधवार को पद ग्रहण नहीं किया। आप-कांग्रेस इस जीत को पूरी तरह से भुनाना चाहती है, इसलिए अब दोनों पार्टियों ने अपने वरिष्ठ नेताओं से समय मांगा है ताकि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मेयर के पद ग्रहण समारोह को बड़ा बनाया जा सके। कुलदीप कुमार रविवार या सोमवार को पद ग्रहण कर सकते हैं। हालांकि, नगर निगम में मेयर ऑफिस के बाहर कुलदीप कुमार की अस्थायी नेम प्लेट लग चुकी है।
विज्ञापन

मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद से आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है। बुधवार को आगामी रणनीति तैयार करने के लिए सुबह पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया ने नवनिर्वाचित मेयर कुलदीप कुमार और सभी पार्षदों की एक मीटिंग बुलाई। पहले चर्चा थी कि कुलदीप कुमार दिल्ली जाकर अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर सकते हैं लेकिन बाद में तय हुआ कि चंडीगढ़ में ही वरिष्ठ नेता आएंगे। कांग्रेस ने भी पद ग्रहण समारोह के लिए अपने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से समय मांगा है। दोनों पार्टियां इस जीत को इंडिया गठबंधन की पहली जीत की तरह पूरे देश में दिखाना चाहती हैं ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका फायदा लिया जा सके। उधर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुलदीप को मेयर की कुर्सी पर कैसे बिठाया जाएगा। इसकी जानकारी लेने के लिए भी डॉ. एसएस अहलूवालिया, पार्षद प्रेमलता और गुरप्रीत सिंह गाबी समेत अन्य लोग बुधवार को नगर निगम पहुंचे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात की और पूछा कि आगे की क्या कार्यवाही है। मेयर चुनाव में अब तक हुए घटनाक्रम को देखने के बाद पार्टी अब फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।

सुप्रीम कोर्ट का आदेश अब तक अपलोड नहीं, इंतजार में अधिकारीकुलदीप कुमार को सुप्रीम कोर्ट ने मेयर घोषित कर दिया है लेकिन आगे की कार्यवाही के लिए न्यायालय के आदेश की कॉपी का इंतजार किया जा रहा है। नगर निगम की तरफ से आप-कांग्रेस नेताओं को बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद 30 जनवरी को हुए मेयर चुनाव के नतीजे में संशोधन किया जाएगा। उसमें गठबंधन के कुलदीप कुमार को 20 वोट और भाजपा के मनोज सोनकर को 16 वोट के रूप में बदल जाएगा और फिर सेक्रेटरी लोकल गवर्नमेंट की तरफ से नए नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके बाद कुलदीप कुमार मेयर की कुर्सी पर बैठेंगे।
विज्ञापन


रविवार या सोमवार को पद ग्रहण कर सकते हैं कुलदीपबुधवार को पूरे दिन आप के पार्षद और नेता मिलकर यह मंथन करते रहे और वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर पूछते रहे कि कुलदीप कुमार के पद ग्रहण समारोह में कौन-कौन शामिल हो सकता है। आप ने कई वरिष्ठ नेताओं से संपर्क साधा है और उनका समय लेने की कोशिश में लगे हैं। आप अरविंद केजरीवाल को ही बुलाना चाहती है तो कांग्रेस भी अपने वरिष्ठ नेताओं से समय मांगने में जुटी है। कांग्रेस पार्टी इंडिया गठबंधन की जीत के रूप में इसे देश को दिखाना चाहती है, इसलिए पार्टी की कोशिश है कि अगर राहुल गांधी इस पद ग्रहण समारोह में शामिल हो जाएं तो इससे बेहतर उनके लिए कुछ नहीं होगा। यह लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी कांग्रेस के लिए अच्छा होगा और गठबंधन के लिए भी एक संदेश होगा, इसलिए माना जा रहा है कि अब कुलदीप कुमार रविवार या सोमवार को ही मेयर का पद ग्रहण करेंगे।

कुलदीप के घर बधाई देने वालों का तांता, लगातार बज रहा फोनकुलदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को पूरे दिन उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उन्होंने कहा कि वह डड्डूमाजरा कॉलोनी में रहते हैं। पूरी कॉलोनी के लोगों से काफी प्यार है, इसलिए कॉलोनी के सैकड़ों लोग बुधवार को पूरे दिन में उनके घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। कुलदीप ने बताया कि उनका फोन भी लगातार बज रहा है और अब तक सैकड़ों लोग फोन पर भी मेयर बनने की बधाई दे चुके हैं। कुलदीप ने कहा कि चंडीगढ़ का मेयर चुनाव इस बार सिर्फ चंडीगढ़ में नहीं, बल्कि पूरे देश में मशहूर हो गया। इस वजह से भी उन्हें बधाइयां ज्यादा मिल रही हैं। पद ग्रहण करने के बाद वह वादों को पूरा करने में जुट जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें