चित्रा सरवारा की चुनौती-एक माॅडल स्कूल दिखाएं, जहां परिणाम और ढांचा सुधरा हो
शिक्षा मंत्री का पलटवार-नहीं जाऊंगा दिल्ली, प्रदेश के किसी भी स्कूल का करें दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा के स्कूलों की दुर्दशा का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर हरियाणा सरकार पर हमला बोला है। आप की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री को खुली चुनौती दे डाली है कि वह एक स्कूल ऐसा दिखाएं, जहां 9 साल में परिणाम और ढांचे में सुधार हुआ हो। अगर वह ऐसा नहीं कर पाते हैं तो वह दिल्ली के किसी भी सरकारी स्कूल में जाएं और वहां से कुछ सीखें। उधर, शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने भी आप पर पलटवार किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वह दिल्ली नहीं जाएंगे, लेकिन अगर चित्रा सरवारा चाहें तो हरियाणा के किसी भी स्कूल का दौरा कर सकती हैं।
स्कूलों को बंद करने के अलावा सरकार ने कुछ नहीं किया, 38 हजार पद खाली: चित्रा सरवारा
वीरवार को चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय से आयोजित प्रेसवार्ता में चित्रा सरवारा ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं, जिसमें एक विंग स्कूल ऑफ स्पेशलाइज एक्सीलेंस नाम से है। साथ ही एक विशेष स्कूल स्थापित किया है, जहां बच्चों को फौज में भर्ती होने की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वो एनडीए, नेवी, एयरफोर्स जैसी सेना की सेवाओं में भर्ती हो सकें। शहीद भगत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी स्कूल के पहले बैच के 50 प्रतिशत के करीब बच्चे एनडीए में गए हैं। स्कूल के 76 बच्चों ने एनडीए की परीक्षा दी और इनमें से 32 बच्चों ने लिखित परीक्षा पास की है। वहीं, हरियाणा सरकार ने स्कूलों को बंद करने के अलावा कुछ नहीं किया। प्रदेश में 38 हजार से अधिक पद खाली पड़े हैं।
बाक्स
दिल्ली के कुछ स्कूल ठीक, मगर बाकियों को देखने की भी इजाजत नहीं : कंवरपाल
चंडीगढ़। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने दावा किया कि हरियाणा के स्कूलों में इन्फ्रास्ट्रक्चर बहुत अच्छा है। साथ ही पहले के मुकाबले परिणाम में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां तक दिल्ली की बात है तो वहां कुछ स्कूल तो ठीक हैं, लेकिन बाकियों को देखने की इजाजत नहीं है। दिल्ली का 9वीं और 11वीं का भी रिजल्ट देखना चाहिए, देश के जीतने भी सर्वे हुए कभी दिल्ली 10वें नंबर पर भी नहीं आया है। शिक्षकों की कमी पर कंवर पाल ने कहा कि 20 हजार शिक्षक जल्द भर्ती हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि आईआईटी में प्रदेश के 100 बच्चे सफल हुए हैं, 26 बच्चे हमारे एमबीबीएस में भी सेलेक्ट हुए थे। उन्होंने कहा कि आप सरकार केवल स्कूलों और अस्पतालों को लेकर झूठे दावे करती है। कोरोना काल में दिल्ली के अस्पतालों की हकीकत सभी ने देखी थी। दिल्ली के अधिकतर मरीज हरियाणा के अस्पतालों में दाखिल थे। ब्यूरो