फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab: अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी व किसानी मुद्दा लोगों के बीच लेकर जाएगी आप, बैठक में हुआ फैसला

Tue, 09 Apr 2024 02:34 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

आम आदमी पार्टी के नेता प्रचार के दौरान लोगों को यह बताएंगे कि कैसे पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को फर्जी मामले में जेल में रखा गया है। कैसे हर दिन विपक्षी पार्टी के नेताओं के खिलाफ ईडी और सीबीआई को भेजा जा रहा है। पंजाब ने हमेशा उन नेताओं का विरोध किया है, जिन्होंने पंजाब के साथ गद्दारी की है।
विज्ञापन
सीएम भगवंत मान के घर पहुंचे संजय सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी व किसानी मुद्दे लोकसभा चुनाव के चलते लोगों के बीच लेकर जाएगी। इसके लिए सभी पार्टी प्रत्याशी घर जाकर लोगों से मिलेंगे और आउटडोर बैठकें करेंगे। साथ ही नुक्कड़ सभाएं भी बुलाई जाएंगी।
विज्ञापन


पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति फाइनल करने के लिए मंगलवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। बैठक में आप के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पाठक, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, आप पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंसिपल बुध राम, कैबिनेट मंत्री और सभी आप विधायक शामिल थे। आप के सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने प्रत्याशियों और नेताओं के साथ जीत का मंत्र भी साझा किया है।

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि हमने अपनी नीतियों, फैसलों और कार्यों को पंजाब के घर-घर तक प्रचारित करने का फैसला लिया है। साथ ही हम लोगों को बताएंगे कि कैसे भाजपा हमारे देश में लोकतंत्र को कुचलने के लिए ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। वह भाजपा की जनविरोधी नीतियों, उनकी तानाशाही और देश में भाजपा की अघोषित आपातकाल का विरोध करते रहेंगे।
विज्ञापन


चीमा ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि किसान आंदोलन सबसे पहले पंजाब से शुरू हुआ। भाजपा और अकाली दल तीन कानून लाए और देश के किसानों ने उनके खिलाफ लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की। लोग जानते हैं कि किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के कारण लगभग 750 किसान शहीद हो गए और दूसरी बार जब किसान अपने अधिकारों के लिए इकट्ठा हुए तो भाजपा सरकार ने उन पर गोलियां चलवाईं। हमारे वरिष्ठ नेतृत्व ने पंजाब के सभी विधायकों, निर्वाचन क्षेत्र प्रभारियों और लोकसभा उम्मीदवारों के साथ इन सभी मुद्दों को लेकर चर्चा की है। पंजाब की जनता अकाली दल और बीजेपी को हराएगी, क्योंकि लोग बेअदबी की घटनाओं को भूले नहीं हैं।

चीमा ने कहा कि कांग्रेस के पास पंजाब में कोई मौका नहीं है, क्योंकि पहले ही लोगों ने उनको कई बार मौका देकर देख लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में और हमारी काम की राजनीति के आधार पर आम आदमी पार्टी 13-0 से जीतेगी। पार्टी अपनी सभी उपलब्धियों के बारे में भी लोगों को बताएगी, क्योंकि उनकी सरकार ने अपनी अधिकतम गारंटी पूरी कर दी है।

सीएम मान ने आप सांसद संजय सिंह का गर्मजोशी से किया स्वागत
लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह मंगलवार को शहर में थे। चंडीगढ़ पहुंचते ही सबसे पहले सिंह सीधे पंजाब सीएम आवास पहुंचे। वहां पर सीएम भगवंत मान ने खुद घर के बाहर आकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनको गले लगाया। इस मौके पर सीएम की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और उनकी बहन भी उपस्थित थीं।

संजय सिंह और उनकी पत्नी ने सीएम की नवजन्मी बेटी नियामत मान कौर को आशीर्वाद भी दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार परिवार से मिलने के बाद दोनों नेताओं ने प्रदेश की राजनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया है। सभी उम्मीदवारों, मंत्रियों और विधायकों से बैठक से पहले दोनों ने खुद भी पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की है कि कैसे वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में मिली जीत के नतीजे को इस लोकसभा चुनाव में भी दोहराया जा सकता है। बैठक में तय किया गया है कि पार्टी ने यह चुनाव कैसे लड़ना है। आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर कैसे केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलना है और सभी मुद्दों को लोगों के बीच लेकर जाना है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें