कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार की ओर से मेडिकल शिक्षा की फीस में की गई बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार दोपहर आम आदमी पार्टी ने मेडिकल एजुकेशन मंत्री ओम प्रकाश सोनी की रानी का बाग स्थित कोठी को घेरने का प्रयास किया। पुलिस ने विधायक अमन अरोड़ा, मीत हेयर समेत तमाम कार्यकर्ताओं को नाका लगाकर रास्ते में रोक लिया। इस पर आप नेताओं ने नाके पर ही बैठकर प्रदर्शन किया और फीस बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग की।
विधायक अमन अरोड़ा ने कहा कि कैप्टन सरकार ने सभी मेडिकल कोर्सों की फीस को दोगुना कर दिया है। पूरा देश कोरोना से जंग लड़ रहे डॉक्टरों व पैरा-मेडिकल स्टाफ का हौसला बढ़ा रहा है। कैप्टन सरकार भविष्य के डॉक्टरों पर आर्थिक बोझ डालकर उन्हें इस शिक्षा से वंचित करने की साजिश रच रही है। आम आदमी पार्टी को यह स्वीकार नहीं है।
जब तक सरकार फीस वृद्धि को वापस नहीं लेगी आम आदमी पार्टी का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है। उन्होंने बताया उनके डेंटल कॉलेज में कोई भी फीस वृद्धि नहीं हुई है। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपने डेंटल कॉलेज के हॉस्टल विद्यार्थियों से कोई चार्ज नहीं लिए हैं।