चंडीगढ़। घर में छोटे-छोटे बच्चे रो रहे हैं, घर भिजवा दो साहब। यह दर्द बिहार से सेब का व्यापार करने आए एक आढ़ती ने सूद भवन में क्वारंटीन किए जाने के बाद अमर उजाला से बयां किया। सत्संग भवन में ठहरे सेब के आढ़ती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सूद भवन में रखा है। आढ़ती ने बताया कि तीन दिन से कोई चिकित्सकीय परीक्षण भी नहीं किया गया है।
बता दें कि 16 जुलाई को बिहार के सासाराम के रहने वाले एक सेब आढ़ती अपने सहयोगी के साथ चंडीगढ़ पहुंचे थे। वह सेक्टर-26 स्थित सत्संग भवन में ठहरे। जहां जुकाम होने के बाद उन्होंने पंचकूला के सेक्टर-7 में अपना चिकित्सकीय परीक्षण कराया। वहां से उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने उनको सत्संग भवन से लाकर सूद भवन में बने क्वारंटीन सेंटर में भर्ती करा दिया। क्वारंटीन सेंटर में तीन दिन से चिकित्सकीय परीक्षण नहीं मिलने के बाद उन्होंने अमर उजाला से बातचीत में अपना दर्द बयां किया। उन्होंने बताया कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भी उन्हें अभी तक कोई चिकित्सकीय सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। वहीं, उनके सहयोगी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, उसे जीएमएसएच-16 में भर्ती किया गया है। वह बहुत परेशान हैं, परिजनों को जब से इसकी सूचना मिली है, उनका बुरा हाल है। बच्चे रो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की गुहार लगाई है।
नीचे थी गर्मी, आग्रह पर छत पर किया शिफ्ट
सेब के व्यापारी ने बताया कि सूद भवन में नीचे बहुत गर्मी थी। कर्मचारियों से काफी आग्रह के बाद छत पर बने कमरे में शिफ्ट किया है। अब यहां काफी आराम है।