शुक्रवार सुबह बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहे युवक को दड़वा अंडरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस युवक को जीएमसीएच-32 में ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जीरकपुर निवासी सूरज के रूप में हुई है। उसने हेलमेट पहन रखा था, जो हादसे के दौरान सिर से उतर गया।
मृतक सूरज इंडस्टियल एरिया के एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। शुक्रवार को किसी काम से उसे दिल्ली जाना था। वह घर से सुबह करीब 5 बजे बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहा था। उसकी 7 बजे की ट्रेन थी। सुबह करीब 5:30 बजे वह दड़वा अंडरब्रिज के पास पहुंचा। इस दौरान वहां से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
हेलमेट उतरने के कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आई और काफी खून बहने लगा। वहीं चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस पीसीआर ने उसे जीएमसीएच-32 में ले गई, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी जेडपी खान ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।