खरड़। पक्का दरवाजा के पास एक आभूषण की दुकान से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। खरड़ सिटी पुलिस ने लुधियाना निवासी किरण और खरड़ के खूनीमाजरा निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान के अनुसार, दो अक्तूबर को एक महिला सोने की चेन खरीदने के लिए दुकान पर आई थी। उसने दुकानदार से अलग-अलग डिजाइन की चेन दिखाने को कहा। कुछ देर बाद महिला एक विजिटिंग कार्ड लेकर दुकान से चली गई। बाद में चेन की ट्रे व्यवस्थित करते समय दुकानदार को एक चेन गायब मिली। दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। उसके अनुसार फुटेज में महिला कथित तौर पर चेन को चालाकी से गिराकर ले जाती हुई दिखाई दी। चोरी हुई चेन का वजन 17 ग्राम 810 मिलीग्राम बताया गया है। दुकानदार ने महिला से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद आने लगा। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 305 और 331(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।