-सोने के गहने, नगदी और विदेशी करंसी पर हाथ साफ कर गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला के निकटवर्ती गांव चौरां में नंबरदार के घर से करीब 2.5 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के गहने, नगदी और विदेशी करंसी चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने थाना अर्बन एस्टेट में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
डीएसपी सिटी-2 जंगजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है, लेकिन कई पहलू सवाल खड़े कर रहे हैं। घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, जो वारदात के समय बंद मिले। इसके अलावा जिस समय चोरी बताई जा रही है, उस दौरान नंबरदार कर्मजीत चौहान, उनकी पत्नी, बहू और बहू की बहन घर में मौजूद थे, इसके बावजूद किसी को कोई आहट या शोर सुनाई नहीं दिया, जबकि चोरों ने कटर से खिड़की की ग्रिल काटी।
पीड़ित नंबरदार कर्मजीत चौहान ने दावा किया कि घर के लॉकर से लगभग 2.5 करोड़ रुपये कीमत के सोने के गहने, नगदी और यूरो चोरी हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा इटली में रहता है और उसके भारत आने की तैयारी थी। इसी कारण छोटा बेटा उसे लेने गया हुआ था। सुबह घर में काम करने वाली महिला सफाई के लिए पहुंची तो एक कमरे का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
नंबरदार के अनुसार चोर मुख्य गेट से घर में दाखिल हुए और फिर एक कमरे की खिड़की की ग्रिल काटकर भीतर घुसे। पुलिस ने सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि चोरों को लॉकर और कीमती सामान की सटीक जानकारी कैसे थी। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।