चंडीगढ़। छोटे और मध्यम उद्योगों के उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं और उन्नत परीक्षण उपकरणों की आवश्यकता है। इससे एमएसएमई को गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने और बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर बीआईएस की उत्तरी क्षेत्रीय प्रयोगशाला, मोहाली ने होटल माउंट व्यू में सेमिनार आयोजित किया। प्रयोगशाला के वरिष्ठ निदेशक एवं प्रमुख पार्थ सारथी मंडल ने देश की गुणवत्ता व्यवस्था मजबूत करने में बीआईएस की भूमिका बताई।
इंस्टीट्यूट ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. अनिंद्य दत्ता मुख्य अतिथि रहे। एमएसएमई अधिकारियों और चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अर्चना मेहता ने भी भाग लिया। बीआईएस अधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों और परीक्षण अवसंरचना को मजबूत बनाने पर प्रस्तुतियां दीं।