फतेहाबाद जिले के टोहाना उपमंडल के सबसे बड़े गांव समैन की पंचायत ने कार्यभार संभालते ही नशे के खिलाफ बड़ा फैसला लिया है। सरपंच रणबीर सिंह गिल की अध्यक्षता में हुई पंचायत की बैठक में सभी 20 पंचायत सदस्यों ने सर्वसम्मति से सोमवार 19 दिसंबर से गांव में नशे की खुर्दों को बंद करने का एलान किया है।
पंचायत के मुताबिक गांव की कई गलियों में चल रहे नशे के खुर्दों को बंद करवाया जाएगा। शराब ठेके को भी गांव की आबादी से बाहर करवाने के लिए आबकारी विभाग को पत्र लिखा जाएगा। अगले साल शराब का ठेका नहीं खोलने का प्रस्ताव भी सौंपा जाएगा। सरपंच रणबीर सिंह गिल ने बताया कि उन्होंने पंचायत चुनाव लड़ते समय ग्रामीणों से वादा किया था कि नशे पर लगाम लगाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसलिए चार्ज संभालते ही सबसे पहला निर्णय यही लिया है कि नशे के खुर्दे बंद करवाएंगे और शराब ठेके को गांव से बाहर करवाएंगे। अवैध रूप से अगर कोई शराब बेचने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करवाएंगे।
पंचायत मंत्री की विधानसभा का सबसे बड़ा गांव है समैन
प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के विधानसभा क्षेत्र टोहाना का सबसे बड़ा गांव समैन है। गांव की 15 हजार से अधिक आबादी है जबकि सात हजार से अधिक मतदाता हैं। सरपंच रणबीर गिल ने बताया कि नशे को रोकने के अलावा गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का भी प्रस्ताव पास किया गया है।
नारकोटिक्स विभाग रेड करेगा तो करेंगे मदद
सरपंच रणबीर गिल ने कहा कि नारकोटिक्स विभाग को भी खुली छूट दी गई है कि वह गांव में जब चाहे रेड करके नशा तस्करों व नशेड़ियों को पकड़े। पूरा गांव उनकी मदद करेगा। नशेड़ियों को पंचायत किसी भी तरह से सहयोग नहीं करेगी। इस मौके पर सभी 20 पंचायत सदस्य, ग्राम सचिव व कुछ ग्रामीण भी मौजूद रहे।