फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: सारंगपुर में बनेगा हाईटेक कॉन्सर्ट सेंटर, सेक्टर-34 की अव्यवस्था का होगा स्थायी समाधान

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

चंडीगढ़। सेक्टर-34 ग्राउंड वर्षों से बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों और म्यूजिक कॉन्सर्ट के लिए अस्थायी आयोजन स्थल के रूप में इस्तेमाल हो रहा है। इस दौरान शहरवासियों को पार्किंग की कमी, ट्रैफिक जाम, शोर-प्रदूषण, सुरक्षा और अन्य नागरिक सुविधाओं की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता रहा है। लोगों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था।
व्यावहारिक परेशानियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अब सारंगपुर में एक समर्पित कॉन्सर्ट और एग्जिबिशन सेंटर विकसित करने की योजना बना रहा है। स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अनुसार, प्रस्तावित 25 एकड़ क्षेत्र में बड़े इवेंट आयोजित करने के लिए स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इससे सेक्टर-34 जैसे रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों पर पड़ने वाला दबाव कम होगा और कार्यक्रमों के दौरान होने वाली समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा। कुराली-चंडीगढ़ रोड से सीधे जुड़ा यह स्थल बड़े वाहनों, टूरिस्ट बसों और वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग-अलग रास्तों से सुसज्जित होगा।
विज्ञापन


भीड़ और शोर का नहीं होगा दबाव

सारंगपुर कॉन्सर्ट सेंटर में दर्शक क्षमता 30,000 होगी, जबकि पार्किंग के लिए 6,000 से अधिक कारों और दोपहिया वाहनों की मल्टी-लेवल सुविधा विकसित की जाएगी। अलग एंट्री-एग्जिट, फायर सर्विस रोड और इमरजेंसी कॉरिडोर पहले से डिजाइन का हिस्सा होंगे। इससे सेक्टर-34 ग्राउंड जैसी सड़क जाम और पार्किंग समस्या खत्म होगी।
सेंटर की डिजाइन में अकूस्टिक प्लानिंग, साउंड बैरियर और ग्रीन बफर ज़ोन का समावेश होगा, ताकि नाइट कॉन्सर्ट के दौरान शोर-प्रदूषण नियंत्रित रहे और अस्पताल, रिहायशी सेक्टर और बाजार प्रभावित न हों। प्रशासन का मानना है कि बड़े इवेंट विवाद और व्यवधान से मुक्त रूप में आयोजित किए जा सकेंगे।

हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा नया केंद्र
सेक्टर-34 ग्राउंड में अक्सर बैकस्टेज, ग्रीन रूम और तकनीकी सुविधाओं की कमी रहती है, जिससे आयोजकों को अस्थायी इंतजाम करने पड़ते हैं। इसके विपरीत सारंगपुर सेंटर में स्थायी स्टेज, हाई-एंड साउंड और लाइटिंग सिस्टम, लाइव स्ट्रीमिंग सुविधा, ग्रीन रूम, मीट-एंड-ग्रीट एरिया और एडमिन ब्लॉक उपलब्ध होंगे।
परियोजना के अनुसार, शुरूआती साल में सेंटर में करीब 4.5 लाख लोग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जो 2030 तक 7 लाख सालाना तक बढ़ सकते हैं। इससे चंडीगढ़ को प्रीमियम मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंसेस और एग्ज़िबिशन्स (एमआईसीई) डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिलेगी और पर्यटन एवं रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
बडे आयोजन के लिए मिलेगा प्लैटफॉर्म स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत इस परियोजना के लिए कुल 200 करोड़ रुपये की फंडिंग का प्रावधान है, लेकिन चंडीगढ़ में सीमित भूमि उपलब्ध होने के कारण केवल 25 एकड़ साइट चुनी गई है। प्रशासन ने केंद्र सरकार से पूरे 200 करोड़ रुपये की फंडिंग देने का आग्रह किया है। तर्क दिया गया है कि यह परियोजना सेक्टर-34 ग्राउंड में वर्षों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान है।

सारंगपुर कॉन्सर्ट कम एग्जिबिशन सेंटर न केवल शहर के बड़े आयोजनों का नया ठिकाना बनेगा, बल्कि सेक्टर-34 जैसे व्यस्त इलाकों को राहत देते हुए चंडीगढ़ को संतुलित, सुनियोजित और आधुनिक इवेंट सिटी के रूप में विकसित करेगा।
विज्ञापन


ये होंगी सुविधाएं
प्रस्तावित सुविधाओं में शामिल हैं – हाईटेक स्टेज, मल्टी-लेवल पार्किंग, अलग एंट्री-एग्जिट, फायर सर्विस रोड, ग्रीन बफर जोन, लाइव स्ट्रीमिंग सुविधा, ग्रीन रूम और एडमिन ब्लॉक। ये सभी सुविधाएं शहरवासियों और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ आयोजकों के लिए भी सुविधा सुनिश्चित करेंगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें