फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: सेक्टर-63 में संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरी युवती, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। सेक्टर-63 की एक हाउसिंग सोसाइटी में सहेली के पास दो दिन के लिए रहने आई 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की है। मृतका चंडीगढ़ की ही रहने वाली थी, लेकिन सहेली के यहां रुकी हुई थी। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है लेकिन युवती के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को तीसरी मंजिल से धक्का देकर मारा गया है। मृतका की पहचान काजल रावत के रूप में हुई है, जो मूलरूप से उत्तराखंड की रहने वाली थी और परिवार समेत सेक्टर-49 में रहती थी। कुछ दिन बाद 20 जुलाई को उसका जन्मदिन था। तीसरी मंजिल से गिरने के बाद युवती को पहले मोहाली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां रविवार अलसुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने शव को पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया है। किन्ही कारणों से रविवार को पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। अब सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर पुलिस अगली कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या का बता रही है, लेकिन मृतिका के परिवार ने कहा है कि पुलिस को मामले में गहन जांच करनी चाहिए क्योंकि यह मामला संदिग्ध है और उन्हें काजल की सहेली पर संदेह है। काजल ने सेक्टर-42 के जीसीजी कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी।
विज्ञापन


मोहाली के इमीग्रेशन कंपनी में करती थी काम, दो महीने से नहीं मिला था वेतन
मृतका और उसकी सहेली दोनों कुछ समय पहले सोहाना में एक इमीग्रेशन कंसलटेंसी में काम करती थीं। कंपनी ने काजल का पिछले दो महीने का वेतन रोक रखा था। उसने एक नई कंपनी में जॉब ढूंढ ली थी और जल्द ही वहां ज्वाइन करने वाली थी। रविवार सुबह थाना पुलिस ने जांच के लिए काजल की सहेली और उसके लिव इन पार्टनर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। काजल की सहेली मूलरूप से पंजाब के फाजिल्का जिले की रहने वाली है जबकि उसका लिव-इन पार्टनर सेक्टर-26 के क्लब में बाउंसर का काम करता है और मूलरूप से पंजाब के ही गुरदासपुर जिले का रहने वाला है। 10 दिन पहले ही वह इस फ्लैट में ही रहने आए हैं।

आत्महत्या नहीं कर सकती काजल : भाई
मृतका के पिता सेक्टर-26 मंडी में काम करते हैं। मां चंडीगढ़ के सेक्टर-46 स्थित एक निजी स्कूल में कार्यरत हैं। काजल की छोटी बहन भी इसी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती है। काजल के चचेरे भाई हरीश रावत ने कहा कि वह अपनी बहन को अच्छे से जानते थे। उसे ऊंचाई से डर लगता था। वह काफी आत्मविश्वासी लड़की थी। आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। परिवार के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले वह घर से यह कहकर गई थी कि वह अपनी सहेली के पास रुकने जा रही है। उन्होंने काजल के नंबर पर फोन किया तो उसकी सहेली ने फोन उठाया और कहा कि काजल की तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद अगले दिन जब परिवार ने फिर फोन किया तो काजल ने कहा कि वह कल सुबह तक घर आ जाएगी। इसी बीच देर रात यह घटना घट गई।
विज्ञापन


पड़ोसी बोले- कुछ दिन पहले बालकनी में युवक-युवतियां पी रहे थे शराब और हुक्का
काजल सोसाइटी में तीसरी मंजिल पर बने जिस फ्लैट की बालकनी से गिरी है, उसके बारे में एक पड़ोसी ने बताया कि वहां कुछ दिन पहले ही कुछ युवक-युवतियां दरवाजा खोलकर शराब और हुक्का पी रहे थे। इससे आस-पास का माहौल खराब हो रहा था। इसकी शिकायत उन्होंने मकान मालिक को भी की थी, जो डड्डूमाजरा में रहते हैं। मकान मालिक ने यहां आकर उन्हें समझाया भी था। काजल की सहेली के लिव-इन पार्टनर ने बताया कि वह उसके साथ जल्द ही शादी करने वाला है। घटना के दौरान वह मौके पर मौजूद नहीं था। काजल की तीसरी मंजिल से गिरने पर उसकी चीख सोसायटी के बाहर आइसक्रीम की रेहड़ी लगा रहे एक व्यक्ति ने सुनी थी। स्थानीय लोग ही उसे पहले निजी अस्पताल ले गए थे, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें