यमुनानगर जिले के गांव गुमथला में लावारिस सांड ने ग्राम पंचायत की महिला पंच की सास को पटक-पटक कर मार डाला। इस दौरान ग्रामीणों ने महिला को बचाने का प्रयास किया लेकिन सांड के हमले से महिला को नहीं बचाया जा सके। बाद में किसी तरह सांड से दूर कर महिला को करनाल ले जाया गया। मगर रास्ते में ही महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सांड को पशुपालन विभाग की टीम के साथ मिलकर काबू किया।
ब्लॉक समिति सदस्य राजपाल ने बताया कि गांव की महिला पंच कृष्णा देवी की सास राजदुलारी (60) अपने पशुओं के बाड़े में खड़ी थी। इसी दौरान लावारिस सांड ने उनके पालतू पशुओं पर हमला कर दिया। राजदुलारी ने सांड को डंडे से खदेड़ना चाहा लेकिन सांड ने राजदुलारी पर सींगों से बार-बार हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया।
सांड के हमले से वृद्ध जमीन पर गिर गई। सांड जमीन पर गिरी राजदुलारी पर हमला करता रहा। इस दौरान काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जिन्होंने राजदुलारी को सांड के हमले से बचाने की कोशिश की लेकिन सांड ने हमला जारी रखा। बाद में ग्रामीणों ने डंडे की मदद से सांड को मौके से भगाया। इसके बाद घायल राजदुलारी को करनाल अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
परिजनों को मिले 10 लाख का मुआवजा: शिवकुमार
ब्लॉक समिति सदस्य राजपाल एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य शिवकुमार संधाला ने बताया कि गुमथला व आसपास के गांवों में काफी संख्या में पशु गलियों व सड़कों पर घूम रहे हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इन पशुओं के हमले से कई लोगों की जान जा चुकी है और काफी लोग घायल हो चुके हैं। उनकी मांग है कि सरकार मृतक महिला के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दे। मृतक राजदुलारी का इकलौता बेटा बब्लू कुछ वर्ष पहले पेड़ से नीचे गिरकर बुरी तरह से घायल हो गया था। जिसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी। बब्लू कई वर्षों से चारपाई पर है। राजदुलारी के पास 10 से 12 पशु थे। वह दूध बेचकर परिवार का गुजारा करती थी।