-सैन्य ठिकानों की तस्वीरें, वीडियो भेजने का आरोप, आईएसआई व पाकिस्तानी सेना के संपर्क में था
-
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। पठानकोट पुलिस ने 15 वर्षीय नाबालिग को पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी किशोर पर जम्मू-कश्मीर और पठानकोट क्षेत्र में स्थित सैन्य ठिकानों की रेकी कर मोबाइल के जरिए फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जिले में हाई अलर्ट है।
पुलिस के अनुसार थाना सुजानपुर की टीम गश्त के दौरान माधोपुर क्षेत्र के पास मौजूद थी, तभी गुप्त सूचना मिली कि एक नाबालिग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। जांच में पता चला कि वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले का रहने वाला है और उसके मोबाइल फोन में पाकिस्तानी सेना अधिकारियों व आतंकियों के संपर्क नंबर मौजूद हैं। फोन से सेना से जुड़ी संवेदनशील तस्वीरें, वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। इस पर उसके खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, 1923 की धाराओं 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पिता की मौत से डिप्रेशन में चला गया था
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले किशोर के पिता की विदेश में मौत हो गई थी जिसे वह हत्या समझ बैठा। इसी सदमे के चलते वह डिप्रेशन में चला गया और धीरे-धीरे अपराध की ओर बढ़ा। पढ़ाई भी छूट गई और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने लगा। इसी दौरान आईएसआई से जुड़े तत्वों ने उससे संपर्क किया और उसे जासूसी नेटवर्क में शामिल कर लिया। एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि नाबालिग को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच जारी है जिससे उसके संपर्कों और नेटवर्क की कड़ियों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सोशल मीडिया के जरिये अन्य युवकों को जोड़ने की कोशिश की गई। पुलिस इस पूरी चेन को तोड़ने में जुटी है।