चंडीगढ़। सेक्टर-17 प्लाजा चंडीगढ़ में शहीदी दिवस पर महान शहीदों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में करीब 600-700 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के जोश से ओत-प्रोत इस आयोजन में युवाओं ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए नशे के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। इसके साथ ही 100 फीट लंबे तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों में गर्व, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और सुदृढ़ किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महामशाल यात्रा रहा। जिसमें युवाओं ने हाथों में मशालें लेकर जागरूकता, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। यह कार्यक्रम कर्तव्यनिष्ठ युवा के मार्गदर्शन में संजीव राणा (निदेशक) द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इसमें सीमा, सुनीता, मनप्रीत, डॉ. निशा सिंगला और नीलाक्षी मौजूद रहीं।