चंडीगढ़। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण की समय सीमा बढ़ा दी है। हालांकि अभी यह नहीं बताया गया है कि अब स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण कब तक किया जाएगा। बता दें कि वीरवार को स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण का अंतिम दिन था। इस दौरान 996 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग का कहना है कि समय सीमा बढ़ने से स्वास्थ्यकर्मियों को एक और मौका मिल गया है इसलिए जितनी जल्दी हो सके उन्हें टीके की पहली डोज लगवा लेनी चाहिए। 16 जनवरी से शुरू हुए अभियान के अंतर्गत 24516 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली डोज लगाई जानी है। इसमें से 10564 को पहली खुराक दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, तय लक्ष्य में से 43.09 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया जा चुका है। पीजीआई में कोरोना टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ सुरेंद्र पांडव ने बताया कि उनके केंद्रों पर भी शुक्रवार को भी टीकाकरण जारी रहेगा।