पंचकूला। कूरियर से 98 ग्राम चरस मुंबई भेजने का मामला सामने आया है। इससे पहले दो बार चरस भेजने के मामले सामने आ चुके हैं। कूरियर कंपनी की जांच में चरस होने का पता चलते ही इसकी सूचना क्राइम ब्रांच-19 की टीम को दी गई। सेक्टर-20 पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित डीटीडीसी कूरियर कंपनी की विजिलेंस विभाग ने रविवार दोपहर को क्राइम ब्रांच को सूचना दी कि कंपनी में चंडीगढ़ से एक पार्सल मुंबई जाने के लिए प्राप्त हुआ। मशीन से एक्स-रे करने पर पार्सल के अंदर कुछ संदेहजनक पदार्थ नजर आया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पार्सल चेक करने पर उसके अंदर से चरस बरामद हुआ। यह 98 ग्राम था। क्राइम ब्रांच ने चरस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पार्सल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।