पंजाब में कोरोना संक्रमण के बीच ब्लैक फंगस से हालात सुधर नहीं रहे हैं। गुरुवार को पंजाब में ब्लैक फंगस से तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। अब तक सूबे में 49 लोगों की इस गंभीर बीमारी से मौत हो चुकी है। सूबे में अब तक ब्लैक फंगस के 343 मामले आ चुके हैं, जिनमें 46 मामले दूसरे राज्यों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
लुधियाना में अब तक सबसे ज्यादा 58 मामले सामने आ चुके हैं। वर्तमान में ब्लैक फंगस से पीड़ित 276 मरीजों का प्राइवेट अस्पतालों में और 67 का सरकारी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। पंजाब में इस बीमारी से पीड़ित 343 मरीजों में 297 पंजाब से संबंधित हैं अन्य 46 मरीज दूसरे राज्यों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से 91 की मौत, 2206 मिले नए संक्रमित
पंजाब में कोरोना संक्रमण से गुरुवार को 91 मौतें हो गईं। अमृतसर में 7, बरनाला में 2, बठिंडा में 13, फरीदकोट में 3, फतेहगढ़ साहिब में 1, फाजिल्का में 6, फिरोजपुर में 2, गुरदासपुर में 3, होशियारपुर में 3, जालंधर में 5, कपूरथला में 2, लुधियाना में 6, मानसा में 6, मोगा में 1, मोहाली में 4, मुक्तसर में 5, पठानकोट में 1, पटियाला में 10, रोपड़ में 3, संगरूर में 4, एसबीएस नगर में 1, तरनतारन में 3 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के 2206 नए मामले सामने आए हैं।
राजिंदरा में दो नए ब्लैक फंगस के केसों की पुष्टि
पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में गुरुवार को दो नए ब्लैक फंगस के केस रिपोर्ट हुए। जिले में ब्लैक फंगस की कुल संख्या बढ़कर 44 हो गई है। अब तक आठ की राजिंदरा और एक की निजी अस्पताल में मौत हो चुकी है।