चंडीगढ़। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया में स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर 8.80 लाख रुपये ठगने के आरोप में केस दर्ज किया है। लुधियाना की रहने वाली महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि बीबी काउंसिल, सेक्टर-17डी के रविंदर सिंह, मनप्रीत सिंह बराड़, पुष्पिंदर कौर, ज्योति मेहरा व अन्य ने वीजा लगवाने के नाम पर उससे 880329 रुपये ले लिए लेकिन इसके बाद आरोपियों ने न तो रकम वापस की और न ही वीजा दिलवाया। शिकायतकर्ता महिला तान्या ने बताया कि वर्ष 2021 में बारहवीं पास कर आईलेट्स की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके बाद वह विज्ञापन के जरिए आरोपी फर्म के संपर्क में आई थी। इसमें गरीब बच्चों को विदेश भेजने की बात कही गई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने विदेश भेजने के नाम पर उसका फंड ट्रैक क्रिएट करने समेत फाइल प्रोसेसिंग के रूप में लगभग 4 लाख रुपये शुरू में ले लिए थे। शिकायतकर्ता की शुरुआत में रविंदर सिंह से फोन पर बात हुई थी। उसे कहा गया कि अपने दस्तावेज लेकर सेक्टर 17 दफ्तर पहुंच जाए। शिकायतकर्ता को वादा किया गया कि तीन महीने में ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवा देंगे। प्रोसेसिंग फीस के रूप में 35 हजार की मांग की गई। शिकायतकर्ता को इंश्योरेंस, एंबेसी फीस, सेमेस्टर फीस, मेटिरियल फीस आदि भरने की बात कही। भारी भरकम राशि हासिल करने के बाद पीड़िता को कहा गया कि उसके केस में विलंब आ गया है और दोबारा सीईओ मंगवाना पड़ेगा। इसके लिए 1.50 लाख रुपये अलग से देने पड़ेंगे।