लॉकडाउन के पहले चरण के 21 दिनों में हरियाणा में बहुत से लोग ऐसे भी रहे, जो इस दौरान बिना वजह ही अपने इलाकों में घूमते रहे, जबकि सरकार की ओर से उन्हें घरों में ही रहने की सलाह दी गई थी। इन्हीं में हजारों लोग ऐसे भी रहे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ा और घर से निकलने का कारण पूछा। मगर जब वे लोग पुलिस के सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो मजबूरन पुलिस को इनके वाहन जब्त कर भारी चालान करना।
जबकि वे लोग जिन्होंने पुलिस के सवालों का संतोषजनक जवाब दिया और अपने घर से बाहर निकलने का वाजिब कारण बताया, उन्हें पुलिसकर्मियों ने जाने भी दिया। मगर बेवजह घूमने वालों पर पुलिस ने दिल खोलकर जुर्माना भी ठोका और सरकार के खजाने को करोड़ों रुपये से भर दिया। पहले चरण के लॉकडाउन में पुलिस ने 8642 वाहनों को जब्त किया। ये वे वाहन थे, जिन पर लोग बेवजह घूमने-फिरने निकले थे।
पुलिस ने चालकों पर 12.83 करोड़ से अधिक का चालान भी किया। सबसे ज्यादा करनाल जिले में जब्त किए गए। जबकि सबसे ज्यादा जुर्माना पानीपत जिले में वसूला गया। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि लॉकडाउन के दूसरे चरण में भी पुलिस की ये कार्रवाई जारी रहेगी। लिहाजा कोई भी व्यक्ति बिना वाजिब कारण के घरों से बाहर न निकले। तभी इस महामारी से लड़ने में वे अपना सहयोग दे सकेंगे।