चंडीगढ़। सेक्टर-27 में 82 साल की बुजुर्ग महिला को मंगलवार तड़के 3.10 बजे बंधक बनाकर लूट का मामला सामने आया है। नकाबपोश चार लुटेरे महज 20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे घर में घुसते ही बदमाशों ने बुजुर्ग के हाथ-पैर बांधकर मुंह पर टेप लगा दिया और तकिए के नीचे रखी अलमारी की चाबी लेकर लगभग 40 लाख रुपये की ज्वेलरी और 37 हजार की नकदी लूट ले गए।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से एक गंडासी मिली है। पुलिस ने इसे जांच के लिए लैब भेज दिया है। पुलिस ने सेक्टर-26 थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि लुटेरे एससीएफ नंबर एक की पहली मंजिल पर सड़क पर घर की दीवार से सटे बिजली के खंबे के जरिए घर में पहुंचे थे।
रक्षा शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पति रामेश्वर दत्त शर्मा टायर के कारोबारी थे, उनका बीते दिसंबर में देहांत हो गया था। तब से वह अकेली रहती हैं और करीब 15 साल से काम करने के लिए एक नौकरानी रखी है। नौकरानी ही घर में खाना बनाने से लेकर अन्य काम करती है। बुजुर्ग ने बताया कि उनके घर में केवल दो कमरे हैं। तड़के करीब 3:10 मिनट पर किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया तो उन्होंने पूछा कि कौन है लेकिन दरवाजे की कुंडी नहीं लगी होने से चार युवक कमरे में घुस आए। इनमें से एक युवक ने आते ही उनके हाथ-पैर कपड़े से बांधकर मुंह पर टेप लगा दिया। उनके मिन्नतें करने पर टेप हटाते ही महिला ने पूछा कि बेटा कौन हो तो एक ने बोला हरियाणा से। लुटेरों ने अलमारी की चाबियां मांगी तो बुजुर्ग ने कहा कि वह सब दे देगी लेकिन जान से मत मारना क्योंकि उसे कोई देखने वाला नहीं है। अगर उसे मार दिया तो कोई उठाने भी नहीं आएगा। इसी बीच एक लुटेरे ने बुजुर्ग की तकिए के नीचे रखा चाबियों का गुच्छा उठा लिया और दूसरे कमरे में चले गए और वहां से अलमारी खोलकर गहने और नकदी लूट ले गए।
बुजुर्ग डर की वजह से दूसरे कमरे में पलंग पर ही बैठी रही। लगभग 45 मिनट बाद बुजुर्ग किसी तरह डरते हुए दूसरे कमरे में गई और देखा तो वहां कोई नहीं था और सारा सामान गायब था। अलमारी खुली पड़ी थी। लुटेरों ने कमरे में लोहे व लकड़ी की अलमारी खोलकर उनके पति की सोने की कई तोले की चेन, हीरे जड़ित घड़ी, मंगलसूत्र, दो लेडीज अंगूठी, तीन जेंट्स अंगूठि़यां, एक जोड़ी झुमके, दो जोड़ी टॉप्स, सोने के कड़े के अलावा उसकी बहू, बेटी व पोती की ज्वेलरी और करीब 37 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद बुजुर्ग ने अपने चाय वाले को फोन किया। चाय वाला ही उनके घर में बाहर से लोहे वाले गेट का ताला लगाता है। बुजुर्ग ने चाय वाले गोपाल को यह बात बताई और अमेरिका में अपने बेटे को फोन किया। वहीं, पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद ही पुलिस सहित सीएफएसएल व अन्य टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया ताकि आरोपियों के बारे में कोई सुबूत मिल सके।
पिता की मौत हुई पर बेटा अमेरिका से नहीं आया
बुजुर्ग ने बताया कि उनका बेटा करीब आठ साल पहले मुंबई चला गया था। वहां टायर का काम करता था। दो साल बाद वह मुंबई से अपनी पत्नी व बेटी को लेकर सीधे अमेरिका चला गया। तब से लेकर आज तक वापस नहीं आया। दिसंबर 2023 में उसके पति का भी देहांत हो गया था, तब भी बेटे को कई बार फोन किए लेकिन वह मुखाग्नि देने के लिए भी नहीं आया। पिछले छह साल में वह एक-दो बार वह अमेरिका से मुंबई तो आया लेकिन चंडीगढ़ कभी नहीं आया और न ही अपनी मां से मिला। बुजुर्ग ने बताया कि उनकी ससुराल खरड़ के पास नयाग्राम गांव में थी लेकिन उनके पति कई साल पहले गांव छोड़कर चंडीगढ़ आ गए थे। उनके परिवार के कुछ लोग मनीमाजरा में रहते हैं। वे महीने में एक-दो बार उनके पास आकर हालचाल पूछकर चले जाते हैं।