चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में शुक्रवार को दीक्षांत और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। सत्र 2022 में पास आउट 800 से अधिक विद्यार्थियों को विभिन्न संकाय में स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री प्रदान की गई। डिग्री पाकर विद्यार्थी खुश नजर आए और पढ़ाई पूरी करने पर गौरवान्वित महसूस करने का अनुभव साझा किया।
इस अवसर पर पीयू कुलपति प्रो. रेणु विग मुख्य अतिथि और रजिस्ट्रार प्रो. वाईपी वर्मा विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। प्राचार्या प्रो. रीता जैन ने कॉलेज रिपोर्ट पढ़कर विद्यार्थियों की उपलब्धियों के बारे में बताया। स्नातक में 75 प्रतिशत और उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को डिग्री दी गई। प्रो. विग ने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रो. जैन ने विद्यार्थियों को अपने विकास के लिए नैतिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।