हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग ने महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल के माध्यम से लाइव योग सत्र का आयोजन किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के करीब 72,000 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के लिए ‘योगा एट होम, योगा विद फैमिली’ थीम पर एक प्रतियोगिता भी रखी गई थी।
इसके टॉप-20 विद्यार्थियों को 5,000 रुपये प्रति विद्यार्थी इनाम के तौर पर दिए जाएंगे। संस्थान के विद्यार्थियों को योगा के लिए प्रोत्साहित करने वाले महाविद्यालय या विश्वविद्यालय को 21,000 का नकद पारितोषिक दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री के निर्देश पर जून माह की शुरुआत में ही विभाग ने अपने फेसबुक हैंडल पर लाइव दैनिक योग सत्र आरंभ कर दिया था।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को मिस्ड-कॉल देकर टोल-फ्री नंबर पर पंजीकरण करना था और इसके बाद 21 जून, 2020 को लाइव योग सत्र में शामिल होना था। प्रतियोगिता को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को अपने परिवार के साथ योगा करते हुए एक तस्वीर अपलोड करनी थी। विजेताओं की सूची अब पांच सदस्यीय समिति तैयार करेगी।