शिकायतकर्ता के साथ ठगों ने फेडेक्स कंपनी का कर्मचारी बनकर करीब 45 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायतकर्ता कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि बीते 26 मई को उन्हें सुबह एक काॅल आई और काॅलर ने खुद को फेडेक्स कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि एक पार्सल पर उनके आधार नंबर की जानकारी है और उनके नाम से किसी मोहम्मद नसीम नामक व्यक्ति को पार्सल भेजा जा रहा है, जिसमें प्रतिबंधित सामान है। कस्टम ने सामान की डिलिवरी रुकवा दी है।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने यह पार्सल नहीं भेजा। ठग ने कहा कि तो वह साइबर पुलिस थाने को शिकायत कर दे। ठग ने तुरंत प्रकाश नामक फर्जी पुलिसकर्मी से बात कराई और उसने भी शिकायतकर्ता को डराते हुए कहा कि मामला गंभीर है। उससे आधार कार्ड की जानकारी लेकर उसे झूठ कहा कि उसके आधार कार्ड नंबर से 4 अकाउंट खुले हुए हैं और मामला मनी लांडरिंग से जुड़ा है। आगे कहा कि मोहम्मद इस्मान नवाब मलिक जेल में है। उनके आधार नंबर से 85 लाख रुपये बाहर भेजे गए हैं। शिकायतकर्ता को डराया गया कि वह गिरफ्तार हो सकता है। उसकी जान को खतरा है। उस पर उनकी नजर है और वह उससे ऑॅडियो-वीडियो काॅल से संपर्क में रहेंगे। अगले दिन किसी फर्जी डीसीपी बलजीत सिंह राजपूत का फोन आया और उसने भी डराया तथा दो नंबर के पैसे की जांच के लिए शिकायतकर्ता का अकाउंट नंबर लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से यह लाखों रुपये की ठगी की गई।