मनीमाजरा। कालका–चंडीगढ़ हाईवे पर बने एनएसी शोरूम के सामने वाले पार्किंग के पास खड़ी डंप कमर्शियल गाड़ियों के खिलाफ नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ विभाग ने वीरवार शाम कार्रवाई करते हुए छह डंप गाड़ियों को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई अवैध रूप से सड़कों और पार्किंग स्थलों पर खड़ी की हुई डंप गाड़ियों को हटाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
बताया जा रहा है कि इस स्थान पर लंबे समय से भारी वाहनों की अवैध पार्किंग की शिकायतें मिल रही थीं। इस मुद्दे को अमर उजाला में प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर निगम लगातार यहां अभियान चला रहा है। पिछले सप्ताह भी इसी जगह से छह डंप गाड़ियों को जब्त किया गया था। अतिक्रमण हटाओ दस्ते के इंस्पेक्टर ललित त्यागी की टीम ने वीरवार शाम कार्रवाई करते हुए एक बार फिर छह डंप गाड़ियों को उठाकर जब्त किया।