फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana Budget 2023: शहरी विकास और आवास को 5,893 करोड़ का बजट, दिव्य नगर योजना में 500 करोड़ होंगे खर्च

Fri, 24 Feb 2023 01:54 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नगर पालिकाओं को सशक्त बनाना है ताकि वे शहरी शासन के प्रभावी और आत्मनिर्भर संस्थानों के रूप में उभर सकें। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने नगरपालिकाओं को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकास कार्य करने के लिए वित्तीय शक्तियां बढ़ाकर प्रदान की हैं।
विज्ञापन
हरियाणा विधानसभा। - फोटो : @cmohry
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा सरकार ने शहरी विकास और आवास क्षेत्रों के लिए 5,893 करोड़ रुपये के बजट की घोषणा की और कहा कि जहां दिव्य नगर योजना में 500 करोड़ खर्च किए जाएंगे वहीं बडे़ शहरों में सीवरेज के रखरखाव पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यही नहीं स्वच्छ शहरों के सफाई कर्मचारियों को सालाना 12000 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने ‘सोनीपत मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी’ की स्थापना करने की भी घोषणा की।

विज्ञापन


मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नगर पालिकाओं को सशक्त बनाना है ताकि वे शहरी शासन के प्रभावी और आत्मनिर्भर संस्थानों के रूप में उभर सकें। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने नगरपालिकाओं को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर विकास कार्य करने के लिए वित्तीय शक्तियां बढ़ाकर प्रदान की हैं। उन्होंने घोषणा की है कि निर्धारित मापदंडों को प्राप्त करने में प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर नगर पालिकाओं को अतिरिक्त धनराशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता को बनाए रखने और रखरखाव में अमूल्य योगदान देते हैं। सरकार ने हाल ही में निर्णय लिया है कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेणी में शीर्ष 50 में स्थान पाने वाली पालिकाओं में सफाई कर्मचारियों द्वारा किये गए कार्य को मान्यता दी जाएगी और उस शहरी स्थानीय निकाय के सभी सफाई कर्मचारियों को शहर को साफ रखने में उनके प्रयासों की मान्यता के रूप में प्रति माह 1,000 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी या सालाना 12,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे।

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि बड़े शहरों में, जहां सीवरेज के रख-रखाव का काम नगर निगमों और महानगर विकास प्राधिकरणों द्वारा किया जाता है, वहां सीवरेज के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि अलग रखने का भी प्रस्ताव किया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार राजस्व अर्जित करने वाली परियोजनाओं और खाली पड़ी जमीनों के मुद्रीकरण के प्रस्तावों को लाने के लिए राज्य के शहरी स्थानीय निकायों का सहयोग करना चाहती है। इस अनुमोदित परियोजना के आधार पर किसी शहरी स्थानीय निकाय को कम ब्याज पर ऋण दिया जाएगा। इस उद्देश्य से हरियाणा वित्तीय सेवा निगम लिमिटेड के माध्यम से 500 करोड़ रुपये का एक फंडिंग चैनल अलग रखा जा रहा है।

8 कमेटियां करेंगी बजट अनुदानों की मांगों पर विचार
वर्ष 2023-2024 के बजट पर अनुदान की मांगों पर विचार करने के लिए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने हरियाणा विधानसभा के प्रक्रिया और कार्य संचालन संबंधी नियमों के नियम 190(ख) के अंतर्गत 8 विभागीय संबंधित स्थायी समितियों के लिए सभापति और सदस्यों को नामित किया है। प्रत्येक स्थायी समिति संबंधित विभागों की अनुदानों की मांगों पर विचार करेगी और उनकी रिपोर्ट तैयार करेगी। स्थायी समिति रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की कटौती प्रस्तावों का सुझाव नहीं देगी। प्रत्येक स्थायी समिति अपनी रिपोर्ट 17 मार्च 2023 को सदन में प्रस्तुत करेगी और इससे अधिक समय के लिए नहीं कहेगी।
विज्ञापन

सरकार पर ढाई लाख करोड़ का कर्ज
हरियाणा सरकार ढाई लाख करोड़ का कर्ज वर्तमान में बता रही है। सरकार का कहना है कि कर्ज लेना बुरी बात नहीं है लिमिट क्रास करना गलत है। हम एफआरबीएम एक्ट के तहत कर्ज लेते हैं। कर्ज नहीं लेंगे तो सरकारी योजनाओं पर फोकस नहीं हो पाएगा। जबकि पूर्व सीएम हुड्डा का कहना है कि बढ़ते कर्ज की वजह से उसके मूल और ब्याज को देने में ही सरकार को 56,769 करोड़ रुपए खर्च करने पड़ेंगे। ब्याज व मूल का भुगतान करने के बाद सरकार के पास पूंजीगत व्यय के लिए सिर्फ 8071 करोड़ रुपये ही बचते हैं।

500 नई पैक्स होंगी स्थापित
771 पैक्स का कम्प्यूटरीकरण जल्द ही पूरा होने की संभावना है। इसके अलावा 500 पैक्स की स्थापना को बढ़ावा देकर सहकारी ढांचे को एक नया बल दिया जाएगा। साझी डेयरी योजना के तहत, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ (एचडीडीसीएफ) ग्राम पंचायतों और पैक्स की भूमि पर पशु शेड का निर्माण करेगा, जहां मवेशियों को एक साथ रखा जाएगा और उनकी देखभाल की जाएगी। एचडीडीसीएफ द्वारा साझी डेयरी में पशु चारा, साइलेज (चारा) और पशु चिकित्सा सेवाओं सहित सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) ने हरियाणा राज्य सहकारी अपेक्स (हरको) बैंक को रियायती ब्याज दर पर 10,000 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा को मंजूरी दी है।

7 जिलों में एकीकृत सैनिक सदन बनाने की योजना
सरकार की योजना 7 जिलों में एकीकृत सैनिक सदन बनाने की है। एकीकृत सैनिक सदन परिसर में जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय, सैनिक रेस्ट हाउस, पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना क्लीनिक कैंटीन और लिफ्ट व रैंप के साथ एक कॉमन हॉल होगा।

किफायती किराये की आवास योजना के रूप में मिलेंगे लेबर हॉस्टल
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में श्रमिकों के लिए किफायती किराये की आवास योजना के रूप में लेबर हॉस्टल स्थापित करने का प्रस्ताव है। श्रमिकों के बच्चों के लिए एक नई मुख्यमंत्री श्रमयोगी प्रतिभावान योजना शुरू करने का प्रस्ताव है। जिसमें इस योजना के तहत पूर्ण ट्यूशन अनुदान, छात्रावास शुल्क, पुस्तकों और कंप्यूटर द्वारा उनकी तकनीकी, व्यावसायिक और उच्च शिक्षा के लिए सहायता दी जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें