चंडीगढ़। खुद को आर्मी अफसर बताकर अपने बेटे के जन्मदिन पार्टी पर सजावट के आर्डर का झांसा देकर 56 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर सेल ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
फैदां निवासी रणधीर सिंह ने साइबर सेल को दी शिकायत में बताया कि वह पार्टियों में सजावट का काम करता है। बीते दिन उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को आर्मी अफसर बताकर कहा कि वह अहमदाबाद में एयरपोर्ट पर तैनात है। उसके बेटे का 20 फरवरी को जन्मदिन है। जन्मदिन पर सजावट के लिए उसे काम चाहिए। सौदा 50 हजार में तय हुआ। इसके बाद शातिर ने गूगल पे का नंबर लेकर पहले तो उसके खाते में 5 रुपये भेजा। इसके बाद शातिर ने झांसे लेकर अकाउंट में कुछ सेटिंग करवाई। देखते ही देखते थोड़ी देर में उसके खाते से 56 हजार रुपये कट गए। शिकायत के बाद साइबर सेल मामले की छानबीन में जुट गई है।