छोटे भाई के साथ यूपी स्थित घर को निकले बड़े भाई की बीच रास्ते में अचानक मौत हो गई। ट्रेन में एक साथ सवार हुए दोनों भाइयों में बड़े भाई को इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि यह सफर उनका आखिरी सफर होगा। ट्रेन के छावनी स्टेशन पहुंचने के बाद शव उतारा गया। मृतक की पहचान यूपी निवासी 55 वर्षीय रामनारायण के तौर पर हुई।
जीआरपी एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि यूपी के कुशीनगर निवासी रामनारायाण छोटे भाई रमेश के साथ लुधियाना से निजामुद्दीन का सफर कर रहे थे। उन्हें निजामुद्दीन से ट्रेन बदलनी थी। गोल्डन टेंपल कोविड-19 स्पेशल ट्रेन नंबर 02904 लगभग 1.28 बजे छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 2 पर पहुंची। इस दौरान रेलवे के डॉक्टर भी मौजूद थे।
कंट्रोल से संदेश मिला था कि ट्रेन के कोच नंबर एस-6 की सीट नंबर 29 पर बैठे यात्री की तबीयत काफी खराब है। ट्रेन के पहुंचने ही जब डॅक्टर ने उक्त सीट पर बैठे यात्री की नब्ज टटोली तो वह बंद थी। रेलवे डॉक्टर ने यात्री को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव कब्जे में लेकर जीआरपी ने मंगलवार सुबह छोटे भाई के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम करवाकर शव भाई के हवाले कर दिया।
नहीं मिला उपचार
रमेश ने बताया कि ट्रेन के चलते ही उसके भाई की अचानक तबीयत खराब हो गई। पहले तो उसे काफी पसीना आया और घबराहट हुई। उसने तुरंत ट्रेन टीटीई को इस संबंध में जानकारी दी। टीटीई ने भी मौके पर पहुंच तुरंत कंट्रोल पर संदेश दिया। इसके बाद भाई रामनारायण ने पानी भी पिया लेकिन फिर वह बेहोश हो गया। लगभग डेढ़ घंटे बाद जब ट्रेन अंबाला रुकी तो डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। रमेश ने बताया कि वह लुधियाना में मजदूरी का काम करते थे और परिवार से मिलने के लिए घर जा रहे थे।