माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। शहर में बुधवार को कोरोना के जहां 54 नए मरीज मिले, वहीं किसी मरीज की मौत की पुष्टि न होने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। बता दें कि इससे पहले 19 अक्तूबर को भी 24 घंटे के अंदर कोरोना से कोई मौत नहीं हुई थी। उधर, बुधवार को 118 मरीज ठीक होकर घर लौट गए। इसके पहले काफी लंबे अंतराल के बाद कोरोना से मौत पर काबू मिलने से संक्रमण की चेन के कमजोर होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे पहले 26 सितंबर को शहर में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई थी। उसके बाद मौत का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ा जो देखते ही देखते 209 पर पहुंच गया है। वहीं, शहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 13795 हो गई है। बुधवार को मिले 54 नए मरीजों में पुरुषों की संख्या 37 और महिलाओं की संख्या 17 रही जबकि अभी 127 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।