चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में नियमित वाइस चांसलर पद की नियुक्ति के लिए बुधवार तक 50 आवेदन आ चुके हैं। पीयू वीसी पद के लिए आवेदन करने का 24 मार्च आखिरी दिन है। जानकारी के अनुसार मौजूदा वाइस चांसलर प्रो. रेणु विग (अतिरिक्त प्रभार) भी इस पद के लिए आवेदन कर चुकी हैं। हालांकि अभी तक पीयू से तीन प्रोफेसरों ने ही आवेदन किया है। पीयू से सात-आठ आवेदन आने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार आखिरी दिन में ही वीसी पद के लिए पीयू से आवेदन आएंगे।
चंडीगढ़ से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च (निट्टर) के प्रमुख प्रोफेसर एसएस पटनायक ने भी आवेदन भरा है। प्रो. पटनायक का भी अकादमिक के क्षेत्र में अच्छा नाम है। वहीं प्रो. रेणु विग अब तक वीसी का कार्यभार संभालने वाली पहली महिला हैं। अभी तक प्रो. रेणु विग ने एक सीनेट की बैठक की अध्यक्षता है, जो कि लंबे समय बाद शांतिपूर्ण ढंग से हो पाई थी। वहीं पीयू के शिक्षक भी चाहते हैं कि जो अधिकारी वीसी पद के लिए नियुक्त किया जाए, उसका पीयू से जुड़ाव हो या वह पीयू से ही संबंध रखता हो। इससे पीयू की अकादमिक और प्रशासनिक हालात में सुधार किया जा सकेगा। पीयू वीसी पद के लिए 25 फरवरी को विज्ञापन निकाला गया था। इसके लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के लिए कम के कम 10 वर्ष का प्रोफेसर पद का अनुभव, बेहतर प्रशासनिक अनुभव और शोध के क्षेत्र में बेहतर कार्य होना जरूरी है।
जम्मू कश्मीर से लेकर तेलंगाना तक मिले आवेदन
पीयू के पास कई बेहतर प्रोफेसर हैं, जो योग्य उम्मीदवार हैं और प्रशासनिक अनुभव के साथ शोध में देश-विदेश में बेहतर नाम कमाया है। अभी तक जम्मू कश्मीर से लेकर तेलंगाना के प्रोफेसरों ने पीयू वीसी के लिए आवेदन किया है। बता दें कि लगभग डेढ़ माह पहले पूर्व वीसी प्रो. राजकुमार ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. रेणु विग को वीसी की अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। पिछली बार पीयू वीसी पद के लिए लगभग 21 प्रोफेसरों ने आवेदन किया था।