यूपी के पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह
- फोटो : amar ujala
हरियाणा सरकार जल्द पांच डीएसपी को चार्जशीट करने की तैयारी में है। पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की रिपोर्ट के आधार पर इन डीएसपी को चार्जशीट किया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक सरकार आईएएस और आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई से पहले उन्हें भी नोटिस देने की तैयारी में है।
मानवाधिकार आयोग में सुनवाई 18 जुलाई को
वहीं हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान हुई हिंसा, आगजनी और लूटपाट की घटनाओं पर हरियाणा मानवाधिकार आयोग से जवाब दाखिल करने के लिए वक्त मांगने पर प्रकरण की सुनवाई 18 जुलाई के लिए स्थगित कर दी गई है। बुधवार को आयोग में एडीशनल एडवोकेट जनरल की ओर से मामले में जवाब दायर करने के लिए संबंधित आयोगों की रिपोर्ट हासिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा गया, जिस पर आयोग ने अगली सुनवाई के लिए नई तारीख मुकर्रर कर दी।
आयोग के सदस्य जस्टिस एचएस भल्ला और जेएस अहलावत की ओर से मामले पर बुधवार को सुनवाई की र्गई। चार मार्च को दिल्ली में कैंप कोर्ट के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान राज्य में हुईं घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और राज्य के पुलिस महानिदेशक को 18 अप्रैल के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। हालांकि अब तक मामले में हरियाणा सरकार की ओर से किसी की ओर से नोटिस का आयोग को संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मामले में अगली सुनवाई के लिए 18 जुलाई की तारीख तय की है।