फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस: ट्राइसिटी में एक दिन में मिले रिकॉर्ड 426 नए संक्रमित, चार ने तोड़ा दम

Thu, 27 Aug 2020 01:18 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़/मोहाली/पंचकूला

सार

  • कोरोना का कहर: चंडीगढ़ में 167 और मोहाली में मिले 86 नए मरीज, मचा हड़कंप
  • मृतकों में तीन मोहाली और एक चंडीगढ़ का, मोहाली में 67 हुई मृतकों की संख्या 
विज्ञापन
कोरोना टेस्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को चंडीगढ़ में एक और मोहाली में तीन कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया, जबकि एक दिन में रिकॉर्ड 426 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। ट्राइसिटी में एक दिन में मिलने वाले नए मरीजों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। तमाम कोशिशों के बावजूद कोरोना की चेन नहीं टूटने से प्रशासनिक अफसरों के साथ स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। 

विज्ञापन


बुधवार को मोहाली के जिन तीन मरीजों की मौत हुई है, उनमें खरड़ निवासी 58 वर्षीय मरीज के अलावा लालड़ू निवासी 43 वर्षीय और नयागांव निवासी 62 वर्षीय मरीज शामिल हैं। लालड़ू निवासी मरीज की मौत सिविल अस्पताल अंबाला में जबकि नयागांव निवासी संक्रमित की मौत पीजीआई में हुई। खरड़ निवासी मरीज मधुमेह से भी पीड़ित थे। 

मोहाली के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने लोगों से अपील की है कि कोरोना एक घातक बीमारी है। इससे बचने के लिए मास्क पहनें और सोशल डिस्टेंस का पालन करें। बुधवार को मोहाली में 33, खरड़ में 12, जीरकपुर में 19, बनूड़ में एक, ब्लॉक घडुआं में 17 और डेराबस्सी में कोरोना के 6 केस सामने आए। 

विज्ञापन

86 नए कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद मोहाली में सक्रमितों की संख्या तीन हजार पार कर 3037 तक पहुंच गई है। वहीं, कुल मरीजों में से अभी 1329 एक्टिव हैं, जबकि 1641 मरीज तंदुरुस्त हो चुके हैं। वहीं कोरोना से अब तक 67 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, बुधवार को 43 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। 

उधर, चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों से बुधवार को कोरोना के 167 नए मामले सामने आए जबकि एक मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। राम दरबार निवासी 73 वर्षीय वृद्ध की जीएमसीएच-32 में इलाज के दौरान मौत हो गई। वृद्ध कोरोना पॉजिटिव होने के साथ सीओपीडी (फेफड़े की बीमारी) और किडनी की बीमारी के साथ हाइपरटेंशन से ग्रस्त था। 

मंगलवार को भी कोरोना के तीन मरीजों की मौत हुई थी। बुधवार को पीजीआई कैंपस में दो और पीयू में चार कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। शहर में कोरोना के मरीजों की संख्या 3376 हो गई है। अब तक 41 मरीजों ने दम तोड़ा है, जबकि अभी 101 संदिग्ध की रिपोर्ट आनी बाकी है। पॉजिटिव मरीजों की तेजी से बढ़ती संख्या के बीच बुधवार को पीजीआई, जीएमसीएच-32, सूद धर्मशाला, धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज से 84 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। 
विज्ञापन

पीयू में चार कर्मचारी मिले कोरोना पॉजिटिव

पंजाब विश्वविद्यालय के चार कर्मचारियों में बुधवार को कोरोना की पुष्टि के बाद हड़कंप मच गया। आनन-फानन में 30 से अधिक लोगों को क्वारंटीन कर दिया गया है जबकि दो लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। कोरोना के कारण वीसी कार्यालय, एडमिन ब्लॉक, डीयूआई कार्यालय, अरुणा चंद्रा हाल दो दिन के लिए बंद कर दिया गया। कुछ कार्यालय 31 अगस्त के बाद ही खुलेंगे।

डीयूआई कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी में कोरोना के लक्षण मिले थे। उन्होंने जांच कराई तो वह पॉजिटिव मिले। इसके बाद हड़कंप मच गया। डीयूआई प्रो. आरके सिंगला भी कार्यालय आ रहे थे। वह संक्रमित कर्मचारी के संपर्क में आए थे या नहीं, यह साफ नहीं हो पाया है। वीसी कार्यालय भी उसी भवन में है। ऐसे में कोरोना पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए कर्मचारियों को क्वारंटीन किया जा रहा है।

एडमिन ब्लॉक की सर्टिफिकेट ब्रांच, अकाउंट ब्रांच, एग्जामिनेशन ब्रांच में भी एक-एक कोरोना पॉजिटिव कर्मचारी मिले हैं। इससे हड़कंप मच गया है। इन कर्मचारियों के संपर्क में आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया गया है। एक और कर्मचारी में कोरोना के लक्षण मिले हैं। उनकी जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। 

पीयू के दोनों ही कार्यालय में हर दिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। कोरोना की चेन यहां लंबी हो सकती है। पीयू की ओर से इन कार्यालयों को सैनिटाइज करवाया गया है। अब सवाल यह उठता है कि पीयू ने थर्मल स्क्रीनिंग के आदेश किए थे, बावजूद इसके कोरोना पॉजिटिव कर्मचारी नहीं पहचाने जा सके। सूत्रों का कहना है कि पीयू में स्क्रीनिंग नहीं हो रही है। पीयू डीपीआर रेनुका बी सलवान ने कोरोना के चार केस पीयू में आने की पुष्टि की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें