हरियाणा के सोनीपत जिले के बडही और पानीपत में बनने जा रहे मेगा फूड पार्क में 41 हजार युवाओं को सीधी नौकरी मिलेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि केंद्र सरकार ने दोनों मेगा फूड पार्क को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि इनसे बड़े पैमाने पर निवेश के साथ-साथ 41 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा और करीबी जिलों करनाल, कुरूक्षेत्र, रोहतक, झज्जर व जींद की ग्रामीण आर्थिक व्यवस्था भी सुधरेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वे केंद्र सरकार द्वारा घोषित किए जाने वाली केवल उन्हीं योजनाओं की सदन में जानकारी देना अपना कर्तव्य समझते हैं जो हरियाणा के लिए हैं।
उन्होंने कहा कि बड़ही का फूड पार्क हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं ढांचागत विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) द्वारा 75 एकड़ क्षेत्र में 164.33 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित किया जाएगा।
इसमें केंद्र सरकार की 50 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता शामिल होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसमें 40-50 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित होने से करीब 11 हजार व्यक्तियों के लिये रोज़गार के अवसर सृजित होंगे।
लंबित योजनाओं को भी शुरू कराया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि पानीपत फूड पार्क सार्वजनिक निजी सहभागीदारिता (पीपीपी) के तहत 300 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ लगभग 53 एकड़ क्षेत्र में झाटीपुर, समालखा के निकट कंटीनेंटल वेयरहाऊसिंग कारपोरेशन द्वारा विकसित किया जाएगा।
इसमें फल, सब्जियां, मसाले व अन्य जल्दी खराब होने वाली खाद्य पदार्थों के लिये 30-35 खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिनमें 250 करोड़ रुपये का सामूहिक निवेश होने से लगभग 30 हजार व्यक्तियों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे
मुख्यमंत्री ने सदन को आश्वासन दिया कि प्रदेश में 10 वर्ष पहले केंद्र सरकार द्वारा घोषित की गई ऐसी योजनायें जिन पर किन्हीं कारणों से काम शुरू नहीं हो सका है, के बारे में जानकारी प्राप्त करने के बाद वे केंद्र सरकार को पत्र लिखेंगे और लंबित योजनाओं को भी शुरू कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला द्वारा एनडीए सरकार के समय केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण द्वारा सिरसा व सोनीपत में फूड पार्क स्थापित किए जाने की घोषणा के बाद अब तक इस दिशा में कोई काम नहीं होने का सवाल उठाए जाने पर दिया।