हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने सोमवार को करवाई गई ग्रुप सी की 56 नंबर श्रेणी की स्क्रीनिंग परीक्षा में एक दिन पहले हुई परीक्षा में आए 41 सवाल दोहरा दिए। रविवार को भी ग्रुप सी की ही श्रेणी नंबर 57 की परीक्षा हुई थी। हाल ये है कि कई सवालों की तो क्रमांक संख्या भी एक समान है।
दोहराए गए सभी 41 सवालों के जवाब का विकल्प भी एक समान है। हिंदी विषय के कुल पांच प्रश्न पूछे गए हैं, जिसमें से चार प्रश्न दोनों दिन की परीक्षा में पूछे गए हैं। हरियाणा में भर्ती को लेकर तीन महीने में दूसरी बार ऐसा कारनामा हुआ है। इससे पहले, मई में एचपीएससी ने एचसीएस की परीक्षा में 38 सवाल हू-ब-हू दोहरा दिए थे।
परीक्षा में इतनी भारी संख्या में प्रश्न दोहराए जाने पर अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने परीक्षा रद्द करने की मांग की है, जबकि कई अभ्यर्थी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट जाने की तैयारी में हैं। परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही खामियों को लेकर विपक्ष ने आयोग और सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है।
चौतरफा विरोध के बाद आयोग ने इस मामले में चुप्पी साध ली है। गौरतलब है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने रविवार व सोमवार को परीक्षा कराई। रविवार को ग्रुप 57 के लिए परीक्षा हुई। इसके लिए 5697 पद हैं। यह परीक्षा 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए थी। वहीं, सोमवार को ग्रुप 56 की परीक्षा हुई, यह परीक्षा स्नातक लेवल की थी और 6419 पद स्वीकृत हैं।
ट्विटर पर अभियान चलाएंगे अभ्यर्थी
ग्रुप 57 की परीक्षा के सवाल दोबारा से अगले दिन की ही परीक्षा में दोहराए जाने का विरोध शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर भर्ती पर सवाल उठाए जा रहे हैं। चेयरमैन को इस्तीफा देने और परीक्षा रद्द की मांग की जा रही है। अभ्यर्थियों ने बताया कि मंगलवार को ट्विटर पर अभियान चलाकर परीक्षा रद्द करने की मांग की जाएगी।
हिंदी के सांध्य दैनिक का नाम गलत छापा
सोमवार को ली गई परीक्षा में पूछा गया कि सांध्य दैनिक नभचोर कहां से प्रकाशित होता है। हिसार से प्रकाशित होने वाले इस सांध्य दैनिक का नाम नभछोर है। जहां यह सवाल अंग्रेजी में छपा उसमें स्पेलिंग ठीक छपी है, जिसमें एनएबीसीएचएचओआर लिखा है।
हरियाणा में हो चुकीं परीक्षाओं में पहले भी हो चुकीं ऐसी गलतियां
एचपीएससी की ओर से 383 पदों की भर्ती के लिए 15 जनवरी को लिखित परीक्षा हुई। इसमें 28 सवालों के जवाब गलत हैं।
21 मई को 100 पदों के लिए हुई एचसीएस एंड एलायड की परीक्षा में पिछले साल की परीक्षा के 38 सवाल दोहराए गए।
2021 में हुई सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में गृह मंत्री अनिल विज के विवाहित होने या न होने पर विवादित सवाल पूछे गए थे।
आयोग के पास कोई जवाब नहीं
परीक्षा में दोहराए गए सवालों को लेकर एचएसएससी के पास कोई जवाब नहीं है। आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी के मोबाइल नंबर बंद हैं, जबकि आयोग के सचिव और परीक्षा नियंत्रक ने फोन नहीं उठाए। अभ्यर्थी भी लगातार आयोग के पास फोन कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
परीक्षा नंबर 56 में सवाल नंबर परीक्षा नंबर 57 में सवाल नंबर
2 34
4 55
6 6
9 30
11 9
13 20
16 37
18 40
22 43
24 87
26 41
32 70
37 35
40 51
42 56
44 12
49 42
51 08
53 63
55 47
59 39
60 59
61 25
64 32
66 14
73 73
75 62
77 21
79 89
81 78
83 66
86 03
88 38
90 58
91 92
94 91
96 99
98 97
99 100
100 98
दोहराए गए सवालों के कुछ उदाहरण
- इस तरीके से भूमि के सतह के नीचे जल एकत्रित होता है?
- RKVY का विस्तार रूप है?
- 450 का 28 प्रतिशत + 280 का 45 प्रतिशत मान ज्ञात करे?
- महावीर प्रसाद द्विवेदी को किस वर्ष सरस्वती पत्रिका के सम्पादन में नियुक्त किया गया?
- हिंदी में वचन के कितने भेद है?
- खालिकबारी किसकी रचना है?
- शौरसैनी अपभृंश से किस उपभाषा का विकास हुआ?
- नियाग्रा नदी कहां पाई जाती है।-हरियाणा का कौन सा एक्सप्रेस वे भारत में छह फ्लाईओवर लेन है।