चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 2026-27 में सचिव पद के विजेता ध्यान सिंह (समीर) सबसे ज्यादा वोट पाने वाले उम्मीदवार रहे। उन्हें कुल 4045 वोट मिले। खास बात यह रही कि अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने वाले एबीवीपी के अंकित बिढान से भी ध्यान सिंह को 896 वोट ज्यादा मिले। पूरे चुनाव अभियान में उनका नारा ‘ध्यान सिंह का ध्यान रखना’ खूब चर्चा में रहा।
सचिव पद पर ध्यान सिंह ने इनसो के आर्यन सहारन को हराया। आर्यन को 3678 वोट मिले। दोनों के बीच 367 वोटों का अंतर रहा। वहीं एचपीएसयू की मुस्कान चौहान को 1286 वोट मिले, जबकि 581 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
अध्यक्ष पद पर अंकित बिढान को 3149 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एसैप के आदिल बराड़ को 2637, एनएसयूआई के गुरमान सिंह सिद्धू को 2263 और दर्शप्रीत सिंह को 1387 वोट मिले। इस लिहाज से ध्यान सिंह का 4045 वोट का आंकड़ा सभी प्रमुख उम्मीदवारों में सबसे अधिक रहा। चुनावी आंकड़ों में ध्यान सिंह की मजबूत पकड़ साफ दिखाई दी। सचिव पद पर उन्हें मिले वोट अध्यक्ष पद के विजेता अंकित से 896 अधिक रहे। यही वजह है कि नतीजों के बाद कैंपस में ध्यान सिंह की जीत और उनके चुनावी नारे की खास चर्चा रही।