पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में आयोजित समागम में शिक्षामंत्री ने दिए अवार्ड
शिक्षक दिवस पर मंगलवार को राज्य सरकार ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय शिक्षक दिवस समागम करवाया। इस दौरान 40 अध्यापकों को स्टेट अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। समागम में मुख्य मेहमान शिक्षामंत्री अरुणा चौधरी थीं।
उन्होंने पांच अन्य अध्यापकों को प्रशंसा पत्र दिए गए। जबकि गत वर्ष राष्ट्रीय अवार्ड जीतने वाले पंजाब के 9 अध्यापकों और स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार जीतने वाले सूबे के 39 स्कूलों के प्रिंसिपलों को भी सम्मानित किया। स्टेट अवार्ड हासिल करने वाले प्रत्येक अध्यापक को 25 हजार रुपये की राशि, दोशाला और मेडल से सम्मानित किया गया। इन अध्यापकों को सेवा काल में एक वर्ष का विस्तार भी मिलेगा। शेष अध्यापकों और स्कूल मुखियों को सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षामंत्री ने सबसे पहले अध्यापक वर्ग और विशेषकर स्टेट अवार्ड और राष्ट्रीय अवार्ड जीतने वाले अध्यापकों को अध्यापक दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के दिन हमें डॉ. राधा कृष्णन से भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
समागम में डीपीआई सेकेंडरी परमजीत सिंह, महानिदेशक जनरल स्कूल शिक्षा प्रशांत कुमार गोयल, संयुक्त सचिव तजिंदर पाल सिंह संधू, डीपीआई (एलिमेंट्री शिक्षा) इन्द्रजीत सिंह, एससीईआरटी के डायरेक्टर सुखदेव सिंह काहलों, सहायक डायरेक्टर डॉ. गुरजीत सिंह सहित विभाग के मुख्यालय तैनात समूह अधिकारी उपस्थित थे।