चंडीगढ़। सेक्टर-39सी निवासी 70 साल के बुजुर्ग व्यक्ति को ठगों ने खुद को आरबीआई अधिकारी बताते हुए 20 प्रतिशत अधिक ब्याज के साथ पॉलिसी मेच्योर करवाने के नाम पर 34 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने बुजुर्ग से अलग-अलग किस्तों में पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ 420, 419, 467, 468, 471 120-बी आईपीसी के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता चितरंजन सिंह बराड़ ने बताया कि बीते 20 फरवरी उनके पास अज्ञात नंबर से फोन आया और बातचीत करने वाले व्यक्ति ने खुद को आरबीआई का अधिकारी बताया। उसने बुजुर्ग को फोन पर उनकी पॉलिसियों के बारेे में जानकारी दी औैर कहा कि इन्हें मेच्योर होने में अभी लंबा समय लगेगा। लेकिन वह अपने स्तर पर इन सभी पॉलिसियों को 20 प्रतिशत अधिक ब्याज के साथ मेच्योर करवाकर उन्हें पैसे दिलवा सकता है। बुजुर्ग को बातों में फंसाने व विश्वास में लेने के लिए ठगों ने अपने ही एक अन्य साथी की बातचीत कर्नल बनकर करवा दी। उस ठग ने भी फोन पर कहा कि इन आरबीआई वालों ने उसकी भी पॉलिसियां मेच्योर करवाई है और 20 प्रतिशत अधिक ब्याज भी मिला है। इस तरह सेे शिकायतकर्ता ठगों की बातों में फंस गया और पॉलिसियों को मेच्योर करवाने के लिए उनके बताए खातों में अलग-अलग किस्तों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। शिकायतकर्ता ने करीब 34 लाख 20 हजार रुपये जमा करवाने के बाद पॉलिसियों के पैसे निकलवाने के बारे में कहा तो वह फिर से पैसे मांगने लगे। खुद को ठगा सा महसूस कर व्यक्ति ने इस बारे में पुलिस को शिकायत दे दी। इसके आधार पर अब साइबर क्राइम थानेे में केस दर्ज किया गया है।