-अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। राज्य में नशा मुक्त अभियान के तहत स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल और काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी बड़ी खेप बरामद की है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 40 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। यह इस साल की अभी तक की सबसे बड़ी खेप है।
पुलिस ने मोगा जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो इस हेरोइन को पंजाब के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की फिराक में थे। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस को विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों को यह खेप एक शातिर और सक्रिय तस्कर के निर्देशों पर सौंपी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में मोगा जिले के कोट इसे खां क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार हेरोइन विभिन्न जिलों में तय ठिकानों तक पहुंचाई जानी थी। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है जिससे उनके नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का खुलासा किया जा सके। सीमा क्षेत्रों से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजी गई
यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये भेजी गई। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय खेपों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई से पंजाब को सुरक्षित और नशामुक्त बनाना प्राथमिकता है।