चंडीगढ़। सेक्टर-36 निवासी बुजुर्ग दंपति को झांसा देकर शातिर ने 4.30 लाख रुपये ठग लिए। शातिर ने ऐसी चाल चली कि सब कुछ सच जैसा ही लग रहा था इसलिए गुलजार सिंह संधू (88) व उनकी पत्नी ने उनकी बातों पर भरोसा कर लिया। शातिर ने फोन काल कर कहा कि उनके दोस्त रघबीर सिंह के दामाद गुरप्रीत सिंह ने कनाडा के एक क्लब में विदेशी से मारपीट कर ली है और वह गंभीर घायल है। उसे बचाने के लिए दंपति ने 4.30 लाख रुपये दे दिए लेकिन बाद में पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामला साइबर सेल को भेज दिया है।
गुलजार सिंह संधू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खुद को जगमोहन सिंह बता रहे व्यक्ति ने उनकी पत्नी को कॉल की। कहा कि क्या आप कनाडा के गुरप्रीत सिंह को जानती हैं। गुरप्रीत सिंह उनके दोस्त रघबीर सिंह का दामाद है जो कनाडा में है। गुरप्रीत सिंह और उसके दोस्तों ने एक क्लब में विदेशी के साथ मारपीट की है। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गुरप्रीत को पुलिस से बचाना है तो तुरंत एक लाख 80 हजार रुपये भेज दें। दंपति ने 18 मई 2022 को शातिर के बताए खाते में पैसे भेज दिए। इसके एक घंटे बाद शातिर ने फिर फोन किया कि घायल की मौत हो गई है। छह लाख रुपये और भेजो। इस पर दंपति ने कहा कि दो लाख 50 हजार रुपये ही हैं। दंपति ने फिर वह रकम भी भेज दी। 20 मई को उन्होंने गुरप्रीत को कॉल की तो पता चला कि उसने किसी के साथ मारपीट नहीं की है। इसके बाद दंपति ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।