ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पुलिस ने उनके गांवों के हर घर और खेत में सर्च अभियान चलाया हुआ है। लेकिन अभी तक कुछ नहीं मिला है। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात को उन्होंने फिर से आसमान में दो पाक ड्रोन देखे और वीडियो बना लिया। पुलिस के मुताबिक सीमांत गांव हजारा सिंह वाला, गट्टी राजोके, टिंडी वाला और बस्ती राम लाल की तरफ कई तस्कर सक्रिय हैं।
यहां से कई बार बीएसएफ और पुलिस हेरोइन व हथियारों की खेप पकड़ चुकी है। पाक की तरफ से उड़ने वाले ड्रोन पाक तस्करों के माने जा रहे हैं। पाक तस्कर ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की खेप अपने भारतीय साथी तस्करों तक पहुंचाने में जुटे हैं। सतलुज नदी में भी ड्रोन हथियारों व हेरोइन की खेप फेंकता है। वहीं तस्कर दरिया के अंदर से खेप निकालने में निपुण हैं।
एक माह के भीतर सीमांत क्षेत्र से पकड़े हथियार
खुफिया सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ और एसटीएफ ने 24 सितंबर को ममदोट क्षेत्र से पांच एके-47, दस मैगजीन, 200 कारतूस, एक पिस्तौल, 22 मैगजीन और बीस कारतूस पकड़े थे। सुरक्षा एजेंसियां 22 सितंबर को तरनतारन के सीमांत इलाके से पांच एके-47, 0.30 बोर पिस्तौल, नौ हैंड ग्रेनेड और पांच सेटेलाइट फोन पकड़ चुके हैं। 12 सितंबर को पंजाब व जम्मू-कश्मीर बार्डर लखनपुर के पास से सुरक्षा एजेंसियों ने एक ट्रक से चार एके-56, दो एके-47 तथा दस हजार कारतूस पकड़े थे।
आसमान में कोई रोशनी देखी गई है, ये क्या है इसके बारे में अभी तक पता नहीं चला है। बीएसएफ की सूचना पर पुलिस सर्च अभियान चला रही है। बलजीत सिंह, एसपी (डी)
वहीं गुरुवार को ही फिरोजपुर में सीआईए फाजिल्का और बीएसएफ के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बीओपी बस्ती राम लाल के पास फेंसिंग पार खेतों में पाक तस्करों द्वारा भेजी गई हेरोइन की खेप बरामद की गई। बताया जा रहा है कि फाजिल्का की सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से हेरोइन की खेप बस्ती राम लाल की तरफ भारतीय सीमा में पाक तस्करों ने छिपाकर रखी है। इसे भारतीय तस्कर इधर लाने की फिराक में हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फाजिल्का सीआईए स्टाफ ने भारतीय तस्कर सतनाम सिंह निवासी चक महंता को पकड़ा था। उसने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने पाकिस्तानी तस्करों से हेरोइन की खेप मंगवाई है जो फिरोजपुर स्थित बीएसएफ की बीओपी बस्ती राम लाल के पास फेंसिंग पार भारतीय खेतों में पाक तस्करों ने छिपाकर रखी है।
उक्त जानकारी सीआईए स्टाफ फाजिल्का ने बीएसएफ बटालियन-116 के साथ साझी की। दोनों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। बस्ती राम लाल के पास फेंसिंग पार खेतों में आईबी से पांच मीटर, फेंसिंग से 145 मीटर, बीओपी से 800 मीटर दूरी के अलावा पाकिस्तान की बीओपी अन्नोके-21 से 700 मीटर दूरी से हेरोइन की खेप बरामद हुई।
सुरक्षा एजेंसियों को खेत से हेरोइन के तीन पैकेट, जो पीली टेप से लिपटे थे और प्लास्टिक की बोतल में हेरोइन मिली। इसका वजन सवा चार किलो आंका गया है। जिस किसान के खेत से हेरोइन की खेप बरामद हुई है उसका नाम सुखविंदर सिंह निवासी बस्ती राम लाल बताया जा रहा है। पुलिस और बीएसएफ उक्त किसान से पूछताछ करने में जुटी है।