चंडीगढ़। पुलिस विभाग की ओर से शुक्रवार को सेक्टर 26 स्थित पुलिस लाइन में मेगा जॉब फेयर लगाया गया। इसमें चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से 1041 युवा नौकरी पाने के लिए पहुंचे। इनमें चंडीगढ़ पुुलिस और होमगार्ड के बच्चों ने भी हिस्सा लिया। जॉब फेयर में 384 को नौकरी मिली। पुलिस लाइन में 20 कंपनियां नौकरी देने के लिए पहुंची थीं। इनमें एलआईसी, बीकानेरवाला, इंडियन ऑयल, इज़ माई ट्रिप, बरिस्ता, सोडेक्सो, एचडीएफसी बैंक, बिग डैडी कैसिनो, सरोवर हॉटल्स एवं रिजोर्ट्स, रिबल फूड्स समेत हरियाणा पुलिस की डायल 112 सेवा के लिए महिला कम्युनिकेशन अफसर के 60 पदों पर साक्षात्कार हुए। आवेदक अपने साथ शैक्षणिक योग्यता सर्टिफिकेट और बायोडाटा लेकर पहुंचे थे। इन्हें ज्यादातर एंट्री लेवल जॉब ऑफर की गई। टेलीकॉलर और डाटा एंट्री ऑपरेटर की भी कई जॉब युवाओं को ऑफर की गई। इसके अलावा फूड इंडस्ट्री में भी कई प्रकार की जॉब ऑफर की गई। बीमा कंपनियों में एजेंट की जॉब के लिए साक्षात्कार हुए।इंटरव्यू देने आई चंडीगढ़ की गुंजन ने बताया कि उन्होंने बीए के साथ स्टेनोग्राफी का कोर्स किया हुआ है। उम्मीद है कि यहां अच्छी नौकरी मिलेगी। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से आए अंशुल ने बताया कि उन्होंने इलेक्ट्रानिक एवं कम्युनिकेशन में डिग्री कोर्स किया है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके रजत भी ऊना से जॉब फेयर में पहुंचे। एसपी केतन बंसल ने बताया कि सुबह बारिश के बावजूद भारी संख्या में युवा इस मेगा जॉब फेयर में आए। उनके इस उत्साह को देखते हुए ऐसे जॉब फेयर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जॉब फेयर से युवाओं को एक प्लेटफार्म मिलता है और उन्हें अनुभव भी प्राप्त होता है। इसके साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। जिन युवाओं को कंपनियों ने जॉब ऑफर की उन्हें यूटी प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने टैगोर थिएटर में शाम को हुए एक कार्यक्रम में जॉब लेटर भेंट किए।