चंडीगढ़। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने के लिए अपग्रेडेशन का काम शुरू होने जा रहा है। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण की ओर से स्टेशन के पुराने फुट ओवरब्रिज के गर्डर हटाने और नए थ्रू-रूफ की लॉन्चिंग के लिए 36 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक मंजूर किया गया है। यह ब्लॉक 10 सितंबर से 15 अक्तूबर 2026 तक अलग-अलग चरणों में चलेगा। इसका सीधा असर चंडीगढ़ से शुरू होने और गुजरने वाली कई ट्रेनों पर पड़ेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
इन ट्रेनों का बदलेगा रूट
ब्लॉक के दौरान 14615 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस 3 और 10 अक्तूबर को अंबाला-चंडीगढ़-सानेहवाल के बजाय अंबाला-सरहिंद-सानेहवाल होकर चलेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और न्यू मोरिंडा में नहीं रुकेगी। इसी तरह 14616 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस 3 और 10 अक्तूबर को सानेहवाल-चंडीगढ़-अंबाला के बजाय सानेहवाल-सरहिंद-अंबाला होकर चलेगी। इसके भी न्यू मोरिंडा, साहिबजादा अजीत सिंह नगर और चंडीगढ़ स्टॉपेज रद्द रहेंगे।
442 फेरे किए गए रद्द
ब्लॉक के दौरान कुल 442 फेरों को रद्द किया गया है। इनमें 14331/14332 दिल्ली-कालका-दिल्ली एक्सप्रेस, 14541/14542 चंडीगढ़-अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 14629/14630 चंडीगढ़-फिरोजपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और 54531/54532 अंबाला-कालका-अंबाला पैसेंजर प्रमुख हैं। इनके अलावा 74645/74646 अंबाला-जालंधर सिटी-अंबाला और 74991/74992 अंबाला-दौलतपुर चौक-अंबाला भी निर्धारित अवधि में रद्द रहेंगी।
अंबाला कैंट तक ही चलेंगी कुछ ट्रेनें
15063/15064 रामनगर-चंडीगढ़-रामनगर चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट तक चलेगी और वहीं से वापस शुरू होगी। 12983/12984 अजमेर-चंडीगढ़-अजमेर गरीब रथ अंबाला कैंट और चंडीगढ़ के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी और अंबाला से संचालित होगी। 20989/20990 उदयपुर-चंडीगढ़-उदयपुर भी अंबाला कैंट पर टर्मिनेट और वहीं से ओरिजिनेट होगी।
मोहाली में मिलेगा ट्रेनों को अस्थायी ठहराव
त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबजादा अजीत सिंह नगर स्टेशन पर टाटा मूरी, जम्मू तवी एक्सप्रेस और अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों को अस्थायी ठहराव दिया गया है। अलग-अलग चरणों में ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव होगा। यात्रियों को घर से निकलने से पहले रेलवे पूछताछ या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम ऐप पर ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है।