शुक्रवार को चंडीगढ़ रीजन के विभिन्न इलाकों में आग लगने की तीन बड़ी वारदातें हुईं। पहली वारदात पंजाब सरकार के वित्त विभाग में हुई। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
दूसरी वारदात डेराबस्सी में दवाई की एक फैकट्री में हुई। यहां स्टीम प्लांट में कचरा फंस जाने के कारण आग लगी। तीसरी वारदात नया गांव के बाजार में हुई। यहां बर्तनों की दुकान में आग लग गई।
पंजाब सरकार के वित्त विभाग कार्यालय में आग
सेक्टर-17 स्थित पंजाब सरकार के वित्त विभाग में शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने से फाइलें और फर्नीचर, कंप्यूटर, वित्त विभाग के पालिसी से जुड़े 10 साल के रिकार्ड दस्तावेज आग की भेंट चढ़ गए। आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग के कारण कार्यालय का काम भी बाधित रहा।
यह कार्यालय प्रमुख डाकघर के सामने की इमारत में है। सूचना मिलने पर मौके पर सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलेशर चंदेल भी पहुंचे। यहां पर वित्त विभाग का डायरेक्टर्स आफ इंस्टीट्यूट फाइनेंस एंड बैंकिंग विंग है। आग के कारणों को जानने के लिए पुलिस के अलावा दमकल विभाग भी लगा हुआ है। जबकि सीएफसीएल की टीम ने भी मौके पर पहुंच सैंपल लिए।
इसके साथ ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी मौके का जायजा लिया। मालूम हो कि अगर यह आगजनी की घटना दोपहर के समय होती तो आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियों को काफी मेहनत लगती क्योंकि शोरूम के सामने की पार्किंग हर समय फुल रहती है।
दवा फैक्टरी में लगी आग
बरवाला मार्ग पर नेक्टर लाइफ साइंस फैक्टरी की यूनिट दो में दवाओं को स्टीम देने वाले प्लांट में आग लग गई। इससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इसके बाद सभी कर्मी वहां से बाहर की ओर दौड़े।
उधर, फैक्टरी में आग लगने से वहां अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डेराबस्सी से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पाया।
फायर अफसर मनजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना सुबह पौने 11 बजे के करीब मिली। इसके बाद दो गाड़ियां फैक्टरी में आग पर काबू पाने के लिए पहुंचीं तथा करीब पौने घंटे में आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि जिस प्लांट में आग लगी वहां दवाओं को स्टीम दी जाती है तथा कही कचरा फंस जाने से आग लगी। घटना के वक्त वहां कई वर्कर्स काम कर रहे थे। सभी वर्कर्स आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
आग लगने से प्लांट में कई शीशे टूट गए तथा धुआं फैलने से कई शीशों को तोड़ा गया। ताकि धुआं बाहर निकल सके। आग से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
नया गांव के बाजार में आग
नया गांव की मार्केट में शुक्रवार रात को बर्तन की दुकान में भीषण आग लग गई। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेडकर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान दुकान में सिलेंडर में एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके से डरकर आसपास जमा लोग भाग खड़े हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि श्री राम ज्वैलर के पास स्थित दुकान पर आग लगने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आधे घंटे बाद पहुंची। इससे आग और फैल गई। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां पहुंचीं। दुकान से सामान निकालने में लोगों ने भी मदद की।