चंडीगढ़। डीसी विनय प्रताप सिंह ने विभिन्न विभागों में कई वर्षों से एक ही सीट पर जमे 28 कर्मचारियों का तबादला किया है। इसमें आरएलओ संजीव कोहली, विजय कुमार, रेनु अरोड़ा समेत कई अन्य कर्मचारी शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी डीसी ऑफिस, आरएलए, एसटीए और एसडीएम दफ्तर के हैं।
आदेश में कहा गया है कि यह फैसला केंद्र सरकार की तीन साल में तबादले नीति के तहत किया गया है। प्रशासन ने भी बीते दिनों में 77 सुपरिंटेंडेंट (ग्रेड-1 और 2) का तबादला किया है। इनमें 36 सुपरिंटेंडेंट का 10 जून, 31 मई को भी 13 और एक जुलाई को 28 सुपरिंटेंडेंट का तबादला हुआ था।
बता दें कि कुछ दिन पहले पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने कई दिनों से एक ही सीट पर बैठे बाबुओं के 15 साल के कार्यकाल का ब्योरा मांगा था। उन्होंने पूछा था कि पिछले 15 वर्षों के दौरान ग्रेड-1 और ग्रेड-2 के सभी सुपरिंटेंडेंट किन-किन विभागों में और कितने वर्षों के लिए तैनात रहे हैं। इसके अलावा क्लर्क, सीनियर असिस्टेंट और सुपरिंटेंडेंट रहते हुए उनकी तैनाती कहां थी।