चंडीगढ़। शहर के विभिन्न हिस्सों में मास्क नहीं पहनने वालों के चालान किए जा रहे हैं। मंगलवार को सेक्टर-35सी की मार्केट में प्रशासन की तरफ से नियुक्त किए गए स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने पुलिस के साथ मिलकर गले में मास्क लटका कर घूमने के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की अनदेखी और कार-बाइक पर तय संख्या से अधिक लोगों के बैठने पर 26 चालान काटे। बता दें कि एसडीएम की अगुवाई में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और पुलिस की तरफ से शहर के विभिन्न इलाकों में नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और उनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला जा रहा है। मंगलवार को एसडीएम साउथ के एरिया में अभियान चलाया गया, जिसमें स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने पुलिस के साथ मिलकर नियम तोड़ रहे लोगों पर कार्रवाई की। सेक्टर-35सी की मार्केट में 26 लोगों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने और मास्क नहीं पहनने पर जुर्माना लगाया गया। सभी से मौके पर ही जुर्माने की राशि का भुगतान कराया गया। मौके पर भुगतान नहीं करने वालों पर आईपीसी 188 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। गौरतलब है कि प्रशासन ने बाइक पर सिर्फ एक, ऑटो में चालक के साथ एक सवारी और कार में चालक के साथ दो लोगों के बैठने की अनुमति दी है। इससे ज्यादा के बैठने पर जुर्माने का प्रावधान है। बाइक, ऑटो के लिए यह जुर्माना 500 रुपये है जबकि कार के लिए 2000 रुपये और बस के लिए 3000 रुपये है। वहीं, सार्वजनिक स्थल पर थूकने पर, मास्क नहीं पहनने पर और सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ने पर 500 रुपये जुर्माना है जबकि होम क्वारंटीन के नियम तोड़ने पर 2000 रुपये के जुर्माने का प्रावधान है।