चंडीगढ़। सेक्टर-43 स्थित जिला अदालत में शनिवार को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। इसमें मामलों का निस्तारण करने के लिए सेवारत न्यायिक अधिकारियों की अध्यक्षता में 15 बेंच गठित की गई जिन्होंने कुल 2514 मामलों का निपटारा किया।
इस दौरान आपराधिक मामले, चेक बाउंस, रिकवरी, एमएसीटी, सिविल केस और ट्रैफिक चालान आदि का निपटारा किया गया। इस लोक अदालत में 4.31 करोड़ रुपए के मोटर एक्सीडेंट क्लेम, 3.66 करोड़ रुपए के 1165 चेक बाउंस के मामले, 2.19 करोड़ रुपए के निष्पादन मामले, 1.29 करोड़ रुपए के सिविल सूट और किराये के मामले, 1.30 करोड़ रुपए के सिविल मिस्लेनियस मामले, 94 मध्यस्थता के मामले और 5.32 लाख रुपए के ट्रैफिक चालानों का निपटारा किया गया। इसके अलावा परमानेंट लोक अदालत में 34.47 लाख रुपए के 2111 मामलों का भी निपटारा हुआ। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज गुरबीर सिंह, स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के मेंबर सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार और डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी के सचिव अशोक कुमार मान मौजूद रहे।