चंडीगढ़। शहर में बने 67 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को जेबीटी के 396 स्थायी पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई। कुल 36,135 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 25,117 परीक्षा देने पहुंचे। 11018 अभ्यर्थी नदारद रहे। हर केंद्र में 300 से अधिक अभ्यर्थी माैजूद रहे। साढ़े नौ से 12 बजे तक एक शिफ्ट में पेपर हुआ। चंडीगढ़ के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए केंद्र पहुंचे। शिक्षा विभाग से किसी भी केंद्र से नकल करने का केस सामने नहीं आया। कुछ केंद्रों में 300 तो कुछ में 700 से अधिक अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था रही। शिक्षा विभाग 30 अप्रैल को उत्तर कुंजी जारी करेगा। अभ्यर्थी दो मई दोपहर दो बजे तक उत्तर कुंजी आने के बाद आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। विभाग की ओर से जेबीटी भर्ती में योग्यता को लेकर स्पष्टीकरण न होने पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने में करीब एक साल का समय लग गया।