चंडीगढ़। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सेक्टर-28सी में 23 दिवसीय उषा मल्टी-स्किल्ड तकनीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। 3 से 25 अगस्त तक चले प्रशिक्षण में 25 उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बहु-कौशल तकनीकी प्रशिक्षण देकर उनकी रोजगार क्षमता और उद्यमशीलता कौशल बढ़ाना था।
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा निदेशक पालिका अरोड़ा ने प्रशिक्षुओं से बातचीत कर उनके समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने बदलती औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए बहु-कौशल प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। सफल प्रशिक्षुओं को उनके व्यावसायिक भविष्य में मदद के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण किट भी वितरित की गईं। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य, वरिष्ठ अधिकारी और उषा इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे।