चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कॉलोनी नंबर-4 में उस वक्त हड़कंप मच गया जब करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करंट से झुलसे युवक को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कॉलोनी नंबर-4 निवासी 22 वर्षीय राकेश कुमार उर्फ रॉकी के रूप में हुई है। राकेश मूलरूप से पंजाब के फिरोजपुर का रहने वाला था। वह पिछले काफी समय से कॉलोनी नंबर-4 में रह रहा था। मंगलवार देर शाम राकेश करंट की चपेट में आ गया। शोरशराबे के बाद आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि अपने झुग्गी में साफ-सफाई करने के दौरान राकेश बिजली कुंडी के कनेक्शन में आ रहे करंट की चपेट में आ गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। फिलहाल इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस शव को जीएमसीएच-32 की मोर्चरी में रखवाकर मामले की छानबीन में जुट गई है।