मोहाली। कौमी इंसाफ मोर्चा ने पंजाब सरकार के खिलाफ एक बार फिर प्रदर्शन तेज कर दिया है। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे वाईपीएस चौक से करीब 200 प्रदर्शनकारियों का जत्था नारेबाजी करता हुआ पीसीए स्टेडियम के लिए निकला लेकिन पुलिस ने फेज 7-8 की लाइट प्वाइंट के सामने पेट्रोल पंप के सामने डबल लेयर बैरिकेडिंग कर रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग के पीछे ही रास्ते पर ही बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने रास्ते पर ही सतनाम वाहेगुरु का जाप करना शुरू कर दिया। इसके बाद मोर्चे के नेताओं ने सरकार की वादाखिलाफी, जगतार सिंह हवारा को पंजाब की जेल में शिफ्ट, बंदी सिखों को रिहाई, गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी और दीप सिद्धू के विचारों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम खेल के विरोधी नहीं है, हम उस सरकार के विरोधी है जो हमारे साथ खेल खेल रही है। जब सीएम आवास की तरफ रोज 31 सदस्यीय जत्था जाता था तो सरकार ने इस शर्त पर बॉर्डर पर धरना खत्म करवाया कि 31 मार्च तक जगतार सिंह हवारा को पंजाब की किसी जेल में शिफ्ट करेंगे लेकिन सरकार की इस मामले में अभी तक कोई स्पष्ट नीति सामने नहीं आई है। इससे सिख संगत में रोष है। दो अप्रैल को दीप सिद्धू का जन्मदिन मनाया जाएगा। इसके लिए सिख संगत को भारी संख्या में मोर्चे में पहुंचने की अपील भी की गई। शाम को करीब चार बजे प्रदर्शनकारियों का जत्था वापस वाईपीएस चौक स्थित धरनास्थल में शामिल हो गया।
आईपीएल के चलते प्रशासन के पुख्ता इंतजाम
पुलिस को सूचना थी कि कौमी इंसाफ मोर्चा आईपीएल के दौरान स्टेडियम की तरफ कूच कर प्रदर्शन कर सकता है। इसके चलते प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। फेज-7-8 की लाइट्स पर डबल लेयर बैरिकेडिंग की गई। इसके बाद मोहाली वॉक मॉल के पास स्टेडियम को जाने वाले रास्ते पर टिप्पर और ट्रक खड़े कर दिए गए। ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया, जिससे कई जगह जाम की स्थिति भी देखने को मिली। इस दौरान आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर, एसएसपी संदीप गर्ग, एसपी ट्रैफिक जगजीत सिंह जल्लाह, एसडीएम सरबजीत कौर, समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इतना ही नहीं घोड़े और पीसीआर पर भी पुलिसकर्मी लगातार धरनास्थल और स्टेडियम की गश्त करते रहे। स्टेडियम की तरफ जाने वाले हर रास्ते को बैरिकेडिंग और टिप्पर-ट्रक लगाकर बंद किया गया।